जबलपुर में दोहराया सूरत कांड, पायलट की सूझबूझ से बची यात्रियों की जान
पिछले दिनों गुजरात के सूरत में रनवे पर भैंसा आ जाने जैसी घटना रविवार को मध्य प्रदेश के जबलपुर में दोहरा गई। यहां डुमना एयरपोर्ट पर स्पाइस जेट का विमान बड़े हादसे का शिकार होने से बच गया। दरअसल, दिल्ली से आ रहे विमान की लैंडिंग के दौरान रनवे पर
जबलपुर (मप्र), जागरण न्यूज नेटवर्क। पिछले दिनों गुजरात के सूरत में रनवे पर भैंसा आ जाने जैसी घटना रविवार को मध्य प्रदेश के जबलपुर में दोहरा गई। यहां डुमना एयरपोर्ट पर स्पाइस जेट का विमान बड़े हादसे का शिकार होने से बच गया। दरअसल, दिल्ली से आ रहे विमान की लैंडिंग के दौरान रनवे पर जानवर आ गया। इस दौरान पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए लैंड हो रहे विमान को दोबारा टेक ऑफ करा दिया। उतरते विमान को अचानक ऊपर उड़ाने से 67 यात्रियों की जान सांसत में रही। तकरीबन 10 मिनट बाद पायलट ने दूसरे राउंड में विमान को उतारा।
एटीसी प्रभारी संतोष सिंह ने घटना की पुष्टि की है, लेकिन विमान के सामने कौन सा जानवर आया, इसकी जानकारी देने से इन्कार किया है।
सुबह 9.26 की घटना : दिल्ली से जबलपुर की स्पाइस जेट की फ्लाइट सुबह 9 बजकर 26 मिनट पर डुमना में लैंड कर रही थी। विमान जब जमीन से तकरीबन 15 फीट की ऊंचाई पर था, तभी पायलट को रनवे पर कोई जानवर नजर आया। खतरा देख पायलट ने तुरंत विमान को टेकऑफ कर लिया और एटीसी को लैंडिंग में खतरे की जानकारी दी।
10 मिनट तक सांसत में रही 67 यात्रियों की जान
विमान में 67 यात्री सवार थे। उन्हें फ्लाइट के लैंड (उतरने) होने से पहले ही टेकऑफ (उड़ान भरने) की सूचना मिली। इससे सभी घबरा गए। दूसरे राउंड में फ्लाइट लैंड करने तक इन सभी की जान सांसत में रही।