फिर समाजवादी होने की तैयारी में अमर सिंह
राजनीति के चतुर खिलाड़ी अमर सिंह सपा में वापसी की राह पर है। कभी सपा से निष्कासित किए गए अमर सिंह एक बार फिर पार्टी
नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। राजनीति के चतुर खिलाड़ी अमर सिंह सपा में वापसी की राह पर है। कभी सपा से निष्कासित किए गए अमर सिंह एक बार फिर पार्टी से राज्यसभा जाने की जुगत में है। मौजूदा समय में भी अमर समाजवादी पार्टी से ही राज्यसभा सांसद हैं।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश से आने वाले 9 राज्यसभा सांसदों के साथ अमर सिंह का कार्यकाल 25 नवंबर को खत्म हो रहा है।
बुधवार को मुलायम सिंह के आवास पर हुई अमर सिंह की मुलाकात में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश सिंह भी मौजूद थे। राज्य में 20 नवंबर 10 राज्यसभा सीटों के लिए होने जा रहे चुनावों से ठीक पहले हुई इस मुलाकात के मायने एकदम स्पष्ट हैं। इसके साथ ही सपा में सिंह की वापसी की राह भी बनती नजर आ रही है। पिछले कुछ महीनों में यह अमर सिंह और मुलायम सिंह के बीच हुई तीसरी मुलाकात है।
सूत्रों के मुताबिक समाजवादी पार्टी से अमर सिंह को राज्यसभा भेजा जाना लगभग तय हो चुका है। हालांकि, उनके पार्टी में आने को लेकर आजम खां के विरोध को देखते हुए सपा में उनकी वापसी कुछ दिन और टल सकती है।
जानकारी के मुताबिक लंबे समय से उपेक्षित चल रहे अमर सिंह पार्टी में वापसी चाह रहे हैं। ऐसे में कोई बीच का रास्ता निकला तो वह नवंबर के पहले सप्ताह में पार्टी में भी शामिल हो सकते है। गौरतलब है कि कभी सपा सुप्रीमों के बेहद करीबी रहे अमर सिंह ने जनवरी 2010 में पार्टी से किनारा करने की बात कही थी जिसके एक माह बाद उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था।
वर्तमान में अमर सिंह रालोद प्रमुख अजित सिंह की पार्टी के सदस्य हैं। हालांकि, लोकसभा चुनावों में बुरी तरह पराजित रालोद एक अदद राज्यसभा के लिए कांग्रेस की शरण में हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।