विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 20, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आप का आरोप, पूंजीपतियों के हक में काम कर रहे मोदी

By Sanjay BhardwajEdited By:
Published: Fri, 20 Mar 2015 07:25 PM (IST)Updated: Fri, 20 Mar 2015 07:39 PM (IST)

आम आदमी पार्टी (आप) के उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों की ...और पढ़ें

News Article Hero Image

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। आम आदमी पार्टी (आप) के उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों की भूमि का अधिग्रहण कर पूंजीपतियों के हक में जो काम गुजरात में किया अब पूरे देश में करने जा रहे हैं। किसानों के साथ होने वाली नाइंसाफी बर्दाश्त नहीं होगी, 23 मार्च को भगत सिंह की शहादत के दिन से भूमि अधिग्रहण कानून के विरोध में आंदोलन होगा।

शुक्रवार को संजय सिंह राजधानी में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। केंद्र और राज्य सरकार पर जनविरोधी कार्य करने का आरोप लगाते हुए संजय ने कहा कि आप मुद्दों को लेकर व्यापक संघर्ष करेगी। उन्होंने बताया कि आप ने पूरे देश में संगठन के विस्तार का फैसला किया है, इसके लिए राज्यवार जिम्मेदारी सौंपी जायेगी। जिन राज्यों में मजबूत संगठन होगा वहीं चुनाव लड़ा जाएगा।

संजय ने स्वीकारा कि आपसी अंतर्कलह से पार्टी की लोकप्रियता में कमी आयी है। हालांकि यह भी कहा कि योगेंद्र यादव और अन्य लोगों से सकारात्मक बातचीत चल रही है। चुनाव आयोग की नोटिस को जायज ठहराते हुए कहा कि जल्द ही आयोग को जवाब दे दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अब सक्रिय कार्यकर्ताओं की एक सूची तैयार होगी और एक केंद्रीय कमेटी बनाई जाएगी। उन्होंने खुद को आप का संयोजक बनाये जाने की खबर का जोरदार खंडन किया और कहा कि केजरीवाल सर्वमान्य संयोजक हैं। संजय ने छह माह में उत्तर प्रदेश में मजबूत संगठन बनाने का दावा किया। कहा कि भगत सिंह का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सूची में न होना दुर्भाग्यपूर्ण है। इसके लिए भी संघर्ष होगा।

थानों की रिश्वतखोरी उजागर करेगी आप

आम आदमी पार्टी (आप) उत्तर प्रदेश में मिशन 2017 की तैयारी में जुट गई है। दिल्ली में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के बाद आप ने उत्तर प्रदेश में संगठन मजबूत करने पर जोर दिया है। उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने कार्यकर्ताओं को उत्साहित किया और उन्हें संगठन की मजबूती का मंत्र दिया। यह भी कहा कि आप सरकारी दफ्तरों और पुलिस थानों की रिश्वतखोरी उजागर करने को अभियान चलाएगी।

संजय सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अगर संगठन मजबूत हुआ तभी हम चुनाव मैदान में उतरेंगे। इस बैठक में अवध और पूर्वाचल जोन के जिला संयोजक, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य और जोनल कमेटी के सदस्य बुलाए गए थे। संजय सिंह के अलावा दिल्ली से आए प्रोफेसर आनंद कुमार, पूर्व सांसद इलियास आजमी, वैभव माहेश्वरी, अवध जोन संयोजक अविनाश त्रिपाठी और पूर्वाचल संयोजक संजीव सिंह ने संगठन पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में तय हुआ कि भ्रष्टाचार, अपराध, महिला सुरक्षा, बेरोजगारी आदि को आम आदमी पार्टी मुख्य मुद्दा बनाएगी। उत्तर प्रदेश के स्थानीय मुद्दों के लिए एक रिसर्च टीम बनेगी जिसमें आइआइटी कानपुर के स्नातक ओमेन्द्र भारत होंगे। उन्होंने शोध कार्य के लिए कार्यकर्ताओं द्वारा गांव गांव जाकर सर्वे करने की विधि बताई। रसोई गैस की कालाबाजारी आदि बिंदुओं पर भी अभियान चलाने की बात उठी।

पढ़ें :