शेयर बाजार में बढ़त, नई ऊंचाई पर निफ्टी
शुरुआती कारोबार में गिरावट के साथ खुलने के बाद देश के शेयर बाजारों में तेजी दिखाई दे रही है। इस दौरान निफ्टी ने नई ऊंचाइयों को छुआ। सेंसेक्स में भी 200 अंकों की तेजी दिखाई दे रही है। कैपिटल गुड्स, ऑयल एंड गैस, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, बैंक, ऑटो, पॉवर, मेटल और हेल्थकेयर सेक्टरों के शेयरों में तेजी दिखाई दे रही है।
मुंबई। शुरुआती कारोबार में गिरावट के साथ खुलने के बाद देश के शेयर बाजारों में तेजी दिखाई दे रही है। इस दौरान निफ्टी ने नई ऊंचाइयों को छुआ। सेंसेक्स में भी 200 अंकों की तेजी दिखाई दे रही है। कैपिटल गुड्स, ऑयल एंड गैस, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, बैंक, ऑटो, पॉवर, मेटल और हेल्थकेयर सेक्टरों के शेयरों में तेजी दिखाई दे रही है।
कारोबार के दौरान दोपहर 1 बजकर 42 मिनट के आसपास नेशनल स्टॉक एक्सचेंज [एनएसई] का निफ्टी नई ऊंचाई को छूते हुए 66.05 अंक यानि 0.85 फीसद की बढ़त के साथ 7,857.75 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, 30 शेयरों पर आधारित बंबई शेयर बाजार [बीएसई] का सेंसेक्स भी 221.96 अंक यानि 0.85 फीसद की बढ़त के साथ 26,325.21 पर पहुंच गया। सेंसेक्स ने पिछले चार सत्रों में 774.09 अंकों की बढ़त दर्ज की थी।
इससे पहले एशियाई बाजारों के मिश्रित रुख के बीच फंडों और खुदरा निवेशकों की मुनाफावसूली से देश के शेयर बाजार सोमवार को गिरावट के साथ खुले। सेंसेक्स 14.07 अंक यानि 0.06 फीसद की गिरावट के साथ 26,088.76 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी भी 5.10 अंक यानि 0.07 फीसद गिरकर 7,786.60 पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान एफएमसीजी, आईटी, रियल्टी और तकनीकी क्षेत्र के शेयरों में गिरावट देखी गई।
उधर, एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 0.07 फीसद बढ़त और हांगकांग का हेंगसेंग 0.16 फीसद गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। अमेरिका का डाओ जोंस शुक्रवार को 0.30 फीसद गिरावट के साथ बंद हुआ था।