साल 2016-17 में भारत की जीडीपी वृद्धि 7.8 तक बढ़ने की उम्मीद- नोमुरा
वित्त वर्ष 2016-17 में भारत की जीडीपी वृद्धि 7.8 फीसद रहने का अनुमान है। वित्तीय सेवा फर्म नोमुरा ने ये आंकलन किया है। जापान की इस वित्तीय सेवा कंपनी के मुताबिक आंकड़े बताते हैं कि निवेश मांग सहित वृद्धि की रफ्तार 2015 के अंत में धीमी पड़ गई। वैश्विक चुनौतियों
नई दिल्ली। वित्त वर्ष 2016-17 में भारत की जीडीपी वृद्धि 7.8 फीसद रहने का अनुमान है। वित्तीय सेवा फर्म नोमुरा ने ये आंकलन किया है। जापान की इस वित्तीय सेवा कंपनी के मुताबिक आंकड़े बताते हैं कि निवेश मांग सहित वृद्धि की रफ्तार 2015 के अंत में धीमी पड़ गई। वैश्विक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए निवेश धीमा रह सकता है। लेकिन इसके बावजूद नोमूरा ने उम्मीद जताई है कि सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि 2016-17 7.6 से बढ़कर 7.8 प्रतिशत रहेगी।
उपभोक्ता जिंसो के घटे दाम और सातवें वेतन आयोग के अमल में आने के बाद मांग बढ़ने से ये वृद्धि होगी। इसके अलावा इस साल सामान्य मानसून से भी ग्रामीण मांग बढ़ सकती है। मौजूद आंकड़ों के अनुसार दिसंबर में औद्यौगिक उत्पादन में 1.3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी और लगातार दूसरे महीने में भी गिरावट दर्ज की गई।
ये गिरावट मुख्य रूप से विनिर्माण और पूंजीगत सामानों के क्षेत्र में आई गिरावट की वजह से है। चालू वित्त वर्ष के दौरान अप्रैल से दिसंबर की अवधि में औद्यौगिक उत्पादन में 3.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई जबकि पिछले साल इसी अवधि में 2.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई थी।