घटते एक्सपोर्ट से नौकरियों पर खतरा
लगातार घटते निर्यात से देश का आर्थिक विकास तो प्रभावित होगा ही, लाखों लोगों की नौकरियां भी खतरे में पड़ सकती हैं। निर्यातकों के शीर्ष संगठन फियो ने यह चेतावनी दी है। फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट्स ऑर्गनाइजेशंस यानी फियो के अध्यक्ष एससी रल्हन ने शनिवार को एक बयान जारी किया
नई दिल्ली। लगातार घटते निर्यात से देश का आर्थिक विकास तो प्रभावित होगा ही, लाखों लोगों की नौकरियां भी खतरे में पड़ सकती हैं। निर्यातकों के शीर्ष संगठन फियो ने यह चेतावनी दी है। फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट्स ऑर्गनाइजेशंस यानी फियो के अध्यक्ष एससी रल्हन ने शनिवार को एक बयान जारी किया है।
बयान में कहा गया है कि निर्यातकों के पास मौजूदा ऑर्डरों की स्थिति को देखते हुए आने वाले महीनों में निर्यात में और भी तेज गिरावट आ सकती है। अगर एक्सपोर्ट के क्षेत्र में नीचे का रुख जारी रहा तो इससे देर-सबेर चालू खाते के घाटे (सीएडी) पर दबाव बढ़ेगा। यह कुल-मिलाकर अर्थव्यवस्था में सुधार की प्रक्रिया को पटरी से उतार सकता है।
देश के एक्सपोर्ट में मई के दौरान लगातार छठे महीने गिरावट दर्ज की गई। इस महीने निर्यात 20 फीसद से ज्यादा लुढ़ककर 22.34 अरब डॉलर रह गया। इसके पीछे ग्लोबल अर्थव्यवस्था में सुस्ती और कच्चे तेल के दाम गिरना मुख्य वजह रहे। इस बारे में रल्हन ने कहा कि मौजूदा सूरतेहाल को देखते हुए केंद्र सरकार को तुरंत उद्योग जगत के साथ बातचीत शुरू करे। साथ ही मौजूदा चुनौतियों को ठीक से समझकर इनसे निपटने के लिए उपाय भी शुरू करे। जरूरत पड़े तो सरकार एक्सपोर्ट सेक्टर को मदद देने के लिए अपनी रणनीति पर भी पुनर्विचार करे।