यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 18, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
लौगांव में डायरिया फैला, मासूम की मौत ,18 बीमार

फतेहपुर, जागरण संवाददाता : असोथर ब्लाक के लौगांव गांव में दूषित खानपान व मौसम परिवर्तन से डायरिया घर-घर पहुंच रहा है। शुक्रवार को एक मासूम बच्चे की मौत हो गई जबकि 18 लोग बीमार हैं। सूचना पाकर मेडिकल टीम ने मौके पर पहुंचकर कुओं में ब्लीचिंग डलवाया और मरीजों को दवाएं वितरित करके डेरा जमा लिया है।
दूषित खानपान से लौगांव में दो दिनों से डायरिया ने घर-घर पैर पसार लिए हैं। शुक्रवार को उल्टी दस्त शुरु होने पर परिजन तीन वर्षीय मासूम कैलाश पुत्र रामखेलावन को पीएचसी लेकर गए जहां बच्चे ने दम तोड़ दिया। वहीं रामबाबू, माधुरी, श्यामबाबू, मुन्ना तोमर, अजय समेत डेढ़ दर्जन ग्रामीण डायरिया से ग्रसित हैं जिनमें आधा दर्जन से अधिक मरीजों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है।
सीएमओ डा. मुरारीलाल वर्मा ने बताया कि संक्रामक रोग टीम को सुबह ही मौके पर भेजकर स्थलीय निरीक्षण करवाकर दवाएं वितरित कराई गई हैं, स्थिति नियंत्रण में कर ली गई है। पीएचसी प्रभारी डा. पवन बाजपेयी का कहना था कि वह सुपरवाइजर नवलकिशोर मिश्रा, मैयादीन आदि चिकित्सकीय टीम के साथ देर रात लौगांव में घर-घर दवाएं वितरित कर रहे हैं। दूषित खानपान व मौसम परिवर्तन से अचानक डायरिया ने पैर पसार लिए हैं इसलिए गांव के दस कुओं में ब्लीचिंग डलवाया गया है। बताया कि बच्चे कैलाश की मौत हो गई है।
