विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 11, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

लू लगने से रेलवे गेटमैन की मौत

By Edited By:
Published: Fri, 11 Jul 2014 01:02 AM (IST)

News Article Hero Image

महोबा, जागरण संवाददाता : बारिश न होने से उमस अब जानलेवा हो रही है। लू के थपेड़ों से लोग झुलसने को मजबूर हैं। बेलाताल में लू की चपेट में आने से रेलवे गेटमैन की हालत अचानक बिगड़ने लगी। परिजनों द्वारा उसे उपचार के लिए झांसी ले जाया जा रहा है, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं सुगिरा गांव निवासी 10 वर्षीय बालक की तेज बुखार के चलते मौत हो गई। भीषण गर्मी व उमस में लोग बेहाल हो रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक जिले तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहा।

विवरण के मुताबिक कोतवाली कुलपहाड़ क्षेत्र के बेलाताल कस्बे का मऊपुरा निवासी 57 वर्षीय किशोरी पुत्र मुन्ना अनुरागी कस्बे में स्थित रेलवे के गेट नं 410 में तैनात था। बताया जाता है कि बुधवार की ड्यूटी के दौरान गर्मी के चलते लू के थपेड़ों की चपेट में आकर वह गश खाकर गिर पड़ा। वहां उसके सहायक ने आनन-फानन में इसकी सूचना परिजनों को दी और किशोरी को अस्पताल लाया गया। लेकिन हालत और खराब होने पर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया। जबकि वहां ले जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई। उधर इसी कोतवाली क्षेत्र के सुगिरा गांव निवासी 10 वर्षीय देवकीनंदन कक्षा 4 का छात्र था। विद्यालय में अचानक बुखार आने पर उसे घर भेजा गया। परिजनों द्वारा उसे कुलपहाड़ व हालत में सुधार न होने पर उसे मुख्यालय लाया गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी, तेज बुखार के चलते उसकी मौत हो गई। बता दें कि बीते दिनों हुई बारिश अचानक थमने से भीषण गर्मी में बढ़ी उमस के साथ ही लू के थपेड़ों से लोग खासे परेशान हैं। सभी आसमान की ओर आशा भरी निगाहों से निहार रहे हैं कि कब बारिश हो और उन्हें गर्मी से राहत मिल सके।

वहीं चिकित्सक डा. ज्ञानेश अवस्थी सलाह देते हैं कि बुखार आदि आने पर लापरवाही न करें बल्कि चिकित्सक को दिखाकर अपना उपचार कराएं।