यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 05, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गलत उपचार से युवक की मौत, झोलाछाप पर रिपोर्ट

रूरा, संवाद सूत्र : थाना क्षेत्र के चिलौली गांव में बुखार पीड़ित युवक की झोलाछाप के इलाज से हालत बिगड़ गई। परिजन गंभीर हालत में उपचार के लिए कानपुर ले गए लेकिन उसकी मौत हो गई। शव लेकर थाने आए परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने झोलाछाप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस के अनुसार चिलौली गांव के दुर्गेश (45) गुरुवार रात तेज बुखार से पीड़ित हो गए। इसपर परिजनों ने गांव में झोलाछाप अनिल से इलाज कराया। आरोप है कि रात में अनिल ने ग्लूकोज की ड्रिप चढ़ाने के साथ कई इंजेक्शन भी लगाए। इसके बाद दुर्गेश की हालत और बिगड़ गई। नाजुक हालत देख परिजन उसे रात में ही कानपुर ले गए लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसपर परिजन शव को वापस लेकर थाने आए। भतीजे सुमित ने झोलाछाप अनिल के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगा मुकदमा दर्ज कराया। एसओ केएल पटेल ने बताया कि आरोपी झोलाछाप अनिल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया, छानबीन के बाद कार्रवाई होगी।
