विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 30, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

डायरिया से दो और लोगों की गई जान

By Edited By:
Published: Fri, 30 May 2014 07:07 PM (IST)

News Article Hero Image

उन्नाव, जागरण संवाददाता: डायरिया का प्रकोप थामे नहीं थम रहा है। अस्पताल आने वाले डायरिया रोगियों के साथ ही डायरिया से मरने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। असोहा थाना क्षेत्र के गांव भाऊमऊ में फैले डायरिया का प्रकोप दूसरे दिन भी जारी रहा। डायरिया के एक दर्जन नए रोगी बढ़ने के साथ ही छह वर्षीय एक बच्ची की मौत हो गई। इस तरह भाऊमऊ में डायरिया से मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। उधर जिला अस्पताल में भर्ती एक डायरिया पीड़ित अधेड़ की मौत हो गई। भाऊमऊ में दूसरे दिन भी चिकित्सकों की दो टीमें डेरा डाले रहीं। उधर ब्लाक प्रमुख के निर्देश पर एक दर्जन सफाई कर्मचारियों ने गांव में सफाई कर ब्लीचिंग पाउडर आदि का छिड़काव कराया।

जिला अस्पताल में शुक्रवार को डायरिया के डेढ़ दर्जन रोगी भर्ती कराए गए। भर्ती डायरिया रोगियों में छत्रपाल (50) पुत्र श्रीराम निवासी दोस्तपुर शिवली थाना फतेहपुर चौरासी की शुक्रवार को प्रात: मौत हो गई।

असोहा संवादसूत्र के अनुसार भाऊमऊ गांव में आज दूसरे दिन भी डायरिया का कहर जारी रहा। लगभग एक दर्जन डायरिया के नए रोगी पाए गए। कल भर्ती किए गए रोगियों में अधिकांश की हालत में सुधार है। डायरिया पीड़ित रोगियों में पप्पू शर्मा की पुत्री गुड़िया (6) की सांय लगभग चार बजे मौत हो गई। इस तरह भाऊमऊ में डायरिया से मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई। डायरिया पीड़ित रोगियों में एक दर्जन रोगियों की हालत अभी भी गंभीर बनी है। डायरिया के नए रोगी बढ़ने से स्वास्थ्य प्रशासन भी हलकान रहा। चिकित्सकों की दो टीमों में एक टीम मुख्यालय और दूसरी टीम असोहा सीएचसी से गांव में डेरा जमाए रहकर रोगियों का उपचार करती रही। असोहा ब्लाक प्रमुख राजकुमार रावत स्वयं गांव पहुंचे गंदगी देख उन्होंने ब्लाक से एक दर्जन सफाई कर्मचारी बुलाकर गांव में सफाई कराई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ब्लीचिंग पाउडर और दवा का छिड़काव किया।

सफाई कर्मी निलंबित

असोहा: गांव के लोगों ने शिकायत कर ब्लाक प्रमुख और खंड विकास अधिकारी को बताया कि गांव का सफाई कर्मी राजेश यदा कदा आता है। ग्रामीणों की शिकायत पर बीडीओ ने डीपीआरओ को रिपोर्ट भेजी थी। डीपीआरओ संजय बर्नवाल ने सफाई कर्मी को निलंबित कर दिया।