यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 19, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ग्रीन फील्ड स्मार्ट सिटी के ड्राफ्ट का होगा अध्ययन
रांची : राजधानी रांची के कोर कैपिटल एरिया में प्रस्तावित देश की पहली ग्रीन फील्ड स्मार्ट सिटी

रांची : राजधानी रांची के कोर कैपिटल एरिया में प्रस्तावित देश की पहली ग्रीन फील्ड स्मार्ट सिटी के ड्राफ्ट का अध्ययन होगा। नगर विकास एवं आवास विभाग ने संबंधित ड्राफ्ट का अध्ययन करने के लिए सात सदस्यीय कमेटी गठित की है। समिति को स्मार्ट सिटी मिशन के परियोजना प्रबंधन परामर्शी (पीएमसी) द्वारा तैयार भूमि एवं अन्य परिसंपत्ति (उपयोगिता, आवंटन एवं निष्पादन) रेगुलेशन 2017 का अध्ययन कर उसकी रिपोर्ट नगर विकास एवं आवास विभाग को देने को कहा गया है।
निदेशक, राज्य शहरी विकास अभिकरण की अध्यक्षता वाली इस समिति में स्मार्ट सिटी कारपोरेशन के सीईओ और वित्त पदाधिकारी, निदेशक भू-अभिलेख, विधि कंसलटेंट जुडको, संयुक्तसचिव नगर विकास, टाउन प्लानर शामिल किए गए हैं। विभाग ने इसी तरह 656.30 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित स्मार्ट सिटी की चारदीवारी निर्माण के लिए 25.82 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी है। संबंधित भूमि के रेखांकन की जवाबदेही विभाग ने रांची जिला प्रशासन को सौंपी है।
---
