यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 19, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
संदिग्ध आतंकियों के खिलाफ सुबूत जुटाने में जुटी एटीएस
ये वे संदिग्ध आतंकी हैं, जो समाज में भी अपनी पैठ बना चुके हैं।

जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड पुलिस का आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) आतंकी संगठनों से जुड़े राज्य के 71 संदिग्धों के बारे में सुबूत एकत्रित करने में जुट गया है। ये वे संदिग्ध हैं, जो समाज में भी अपनी पैठ बना चुके हैं और उनके खिलाफ सुबूत एकत्रित करने में एटीएस के पसीने छूट रहे हैं।
इन सभी पर अलकायदा इन द इंडियन सब कांटिनेंट (एक्यूआइएस), स्टूडेंट इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी), इंडियन मुजाहिदीन (आइएम), जामात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) और लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकी संगठनों से जुड़े होने का शक है। झारखंड एटीएस की टीम को जमशेदपुर के बिष्टुपुर में 25 जनवरी, 2016 को गिरफ्तार दो आतंकियों से बड़ी सफलता हाथ लगी थी। एटीएस ने एक्यूआइएस से जुड़े चार संदिग्ध आतंकियों के खिलाफ आरोप पत्र भी दाखिल कर दिया है।
इन आरोपियों में अहमद मसूद अकरम शेख उर्फ मोनू, राजू उर्फ नसीम अख्तर, अब्दुल शामी और मोहम्मद अब्दुल रहमान अली खान उर्फ कटकी शामिल हैं। इसके अलावा अन्य मामलों में एटीएस ने आतंकी संगठनों के साथ संलिप्तता के आरोप में चार अन्य की गिरफ्तारी की है। इनमें मोहम्मद सलमान, सैफ अली, इमरान और जाहिद खान शामिल हैं। अब इनके खिलाफ भी एटीएस की टीम सुबूत जुटाने में जोरशोर से लग गई है।
