Move to Jagran APP

पदमा साई केंद्र बनेगा देश का सर्वश्रेष्ठ खेल प्रशिक्षण केंद्र: राज्यवर्धन राठौर

केंद्रीय खेल राज्यमंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा कि हॉकी के खिलाड़ियों के लिए एस्ट्रोटर्फ मैदान भी बनाया जाएगा।

By Sachin MishraEdited By: Published: Sun, 11 Feb 2018 02:31 PM (IST)Updated: Sun, 11 Feb 2018 02:31 PM (IST)
पदमा साई केंद्र बनेगा देश का सर्वश्रेष्ठ खेल प्रशिक्षण केंद्र: राज्यवर्धन राठौर
पदमा साई केंद्र बनेगा देश का सर्वश्रेष्ठ खेल प्रशिक्षण केंद्र: राज्यवर्धन राठौर

रांची, जेएनएन। केंद्रीय खेल राज्यमंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा कि भारतीय खेल प्राधिकरण के इस अत्याधुनिक संस्थान का पदमा में होना गौरव की बात है। इसे देश का सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि बहुत जल्द ही सात करोड़ की लागत से यहां हॉकी के खिलाड़ियों के लिए एस्ट्रोटर्फ मैदान भी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे झारखंड पहली बार आए हैं और यहां के नौजवानों, खिलाडि़यों व सैनिकों से काफी प्रभावित हैं। राठौर शनिवार को पदमा स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे।

loksabha election banner

केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री जयंत सिन्हा व झारखंड के खेल मंत्री अमर बाउरी भी इस मौके के गवाह बने। इस दौरान तीनों ने हजारीबाग में शुरू कराए गए राज्यस्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट जेपीएल का भी उद्घाटन किया। उद्घाटन मौके पर जब केंद्रीय मंत्री राठौर और जयंत ने गेंद और बल्ला संभाला तो उपस्थित सभी लोगों ने उत्साहित होकर तालियों से उनका इस्तकबाल किया।

47 एकड़ में फैला है प्रशिक्षण केंद्र

साई केंद्र का निर्माण 22 करोड़ की लागत से किया गया है। 47 एकड़ में फैला पूर्वी भारत यह सबसे बड़ा प्रशिक्षण केंद्र है। यहां पर हॉकी, फुटबॉल, एथलेटिक्स, तीरंदाजी, जूडो, रेसलिंग समेत अन्य खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। फिलहाल 120 खिलाड़ियों की रहने की व्यवस्था यहां की गई है।

पीएम के सपनों को झारखंड कर रहा साकार: राठौर

केंद्रीय खेलमंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने खेल व खिलाडि़यों के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कायरें की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों को झारखंड में ही मूर्त रूप दिया जा रहा है। सरकार जो कार्य यहां कर रही है वह शानदार है। यहां जो योजनाएं चलाई जा रही हैं उनमें से कुछ को तो पूरे देश में चलाया जाएगा। हजारीबाग जाने के दौरान खेलमंत्री होटवार में झारखंड स्टेट स्पो‌र्ट्स प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएसपीएस) द्वारा संचालित खेल अकादमी के बच्चों को संबोधित करते हुए यह बातें कहीं। होटवार के शहीद गणपत राय इंडोर स्टेिडयम में आयोजित समारोह में राठौड़ ने कहा कि अकादमी के लिए जिस तरह से टैलेंट हंट कर प्रतिभावान खिलाड़ी चुने जाते हैं, उसे पूरे देश में लागू किया जाएगा।

देश की सर्वश्रेष्ठ आधारभूत संरचना

राठौड़ ने होटवार में बने स्टेडियमों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां देश की सर्वश्रेष्ठ आधारभूत संरचना है। इतनी सुविधाओं के बीच राज्य सरकार व सीसीएल खिलाडि़यों को तराश रहे हैं। किशोर खिलाडि़यों व योग्य प्रशिक्षकों के दम पर यहां से निश्चित रूप से पदक विजेता खिलाड़ी निकलेंगे। राज्य सरकार यहां चल रही अकादमी में युवा खिलाडि़यों को पूरी सुविधा दे रही है लेकिन इन सुविधाओं में और सुधार किया जा सकता है। इसके लिए केंद्र हर तरह की मदद करेगा।

देश में खेल का माहौल बन रहा है बेहतर

खिलाड़ी तैयार करने के लिए पहले उसके अनुकूल माहौल तैयार करना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में यह काम बखूबी किया जा रहा है। खेलो इंडिया स्कूल गेम्स में भाग लेने वाले खिलाडि़यों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं दी गई। खिलाडि़यों को बड़े आयोजन में भाग लेने का अनुभव मिला। यह आयोजन हर वर्ष होगा और देश में खेल का माहौल बनेगा। माहौल बनने के साथ ही खिलाड़ी तेजी से आगे आएंगे।

भारतीय टीम रांची में करेगी अभ्यास

राठौड़ ने कहा कि अकादमी के बच्चे खेल के तकनीक को जल्दी सीखें इसके लिए निकट भविष्य में यहां कई खेलों की भारतीय टीम का शिविर आयोजित किया जाएगा। खिलाडि़यों को देख युवा खिलाड़ी काफी कुछ सीखेंगे।

निकट भविष्य में खुल सकता है एनआइएस का सेंटर

खेलमंत्री ने कहा कि रांची में एनआइएस का ट्रेनिंग सेंटर खोलने पर विचार किया जा सकता है। आधारभूत संरचना उसके उपयुक्त है। झारखंड के खेल सचिव राहुल शर्मा से इस संदर्भ में बात हुई है।

अकादमी से कई विश्र्व विजेता निकलेंगे : जयंत

मौके पर नगर विमानन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा ने कहा कि आने वाले समय में इस अकादमी से कई विश्र्व विजेता निकलेंगे। आज स्टेज पर ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता (सिलवानुस डुंगडुंग) रजत पदक विजेता (राज्यवर्धन सिंह राठौड़) बैठे हैं एक समय ऐसा आएगा कि इनके साथ इस अकादमी के कई बच्चे भी पदक जीत बैठेंगे।

तीरंदाजी व हाकी का एक्सेलेंस सेंटर शीघ्र : बाउरी

प्रदेश के खेलमंत्री अमर बाउरी ने कहा कि जल्द ही होटवार में तीरंदाजी व हाकी का एक्सेलेंस सेंटर खोला जाएगा। इससे यहां से बेहतर खिलाड़ी निकलेंगे। उन्होंने अकादमी के बच्चों की प्रशंसा करते हुए कहा कि आने वाला समय इन नन्हें खिलाड़ियों का है। मौके पर खेल सचिव राहुल शर्मा, सीसीएल कार्मिक निदेशक आरएस महापात्रा, आलोक कुमार, सिलवानुस डुंगडुंग, मनोहर टोप्पनो के अलावा बड़ी संख्या में पूर्व खिलाड़ी, कोच व खेल संघ के पदाधिकारी मौजूद थे।

खेल संघों पर कसेगी नकेल

राठौड़ ने कहा कि जल्द ही देश के खेल संघों पर नकेल कसी जाएगी। हम एक ऐसा नियम लाने जा रहे हैं जिसके तहत खेल संघों को सरकार के नीति के अनुसार कार्य करना होगा। इससे उनकी मनमानी पर रोक लगेगी।

जेएसएसपीएस के लोग व वेब का विमोचन

केंद्रीय खेलमंत्री ने जेएसएसपीएस के लोगो व वेब साइट का उद्घाटन किया। वेब पर खेल अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सभी खिलाड़ियों का पूरा ब्यौरा व उनके अभ्यास के नेगेटिव पाजिटिव पहलू उपलब्ध रहेगा।

यह भी पढ़ेंः टैलेंट हंट के जरिये तराशी जाएंगी प्रतिभाएं


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.