यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 23, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रिम्स में मेनिनजाइटिस से बच्ची की मौत

रांची : रिम्स के शिशु रोग विभाग में सोमवार की सुबह मेनिनजाइटिस से पीड़ित एक बच्ची सुगम कुमारी (12 वर्ष) की मौत हो गई। वह गिरीडीह जिले के बेंगाबाद बुढि़या डाको निवासी उदय चंद्र यादव की पुत्री थी। उसे 17 जून को रिम्स के शिशु रोग विभाग में डॉ. एके चौधरी की देखरेख में भर्ती किया गया था। इसके पूर्व 20 जून को 12 वर्षीय मीरा कुमारी की मौत मिनीनगो इंसेफ्लाइटिस से हो गई थी। वह खूंटी जिले के कर्रा निवासी विजय उरांव की पुत्री थी।
रिम्स के शिशु विभाग के चिकित्सकों ने बताया कि भर्ती के समय सुगम कुमारी मलेरिया बुखार की शिकायत लेकर आई थी। बाद में जब रक्त जांच की गई तो रिपोर्ट में मेनिनजाइटिस टीबी पाया गया। चिकित्सकों ने बताया कि सुगम कुमारी को बचाने का अथक प्रयास किया गया, परंतु उसे बचा नहीं सके।
उसके पिता उदय चंद्र यादव ने बताया कि वह राजकीय मध्य विद्यालय बुढि़या डाको में वर्ग सातवीं की छात्रा थी। पिछले 25 दिनों से वह बुखार से पीड़ित थी। उसका बेंगाबाद और गिरीडीह में इलाज कराया। स्थिति बिगड़ने के बाद वहां के चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दी। रिम्स में सुगम का छह दिनों तक इलाज चलता रहा, परंतु उसे बचाया नहीं जा सका।
----------------
रिम्स में मेनिनजाइटिस से एक और बच्चा भर्ती
रिम्स के शिशु रोग विभाग में सोमवार को मेनिनजाइटिस से पीड़ित एक और बच्चा संदीप कुमार (14 वर्ष) को इलाज के लिए भर्ती किया गया। वह पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर निवासी पारसनाथ महतो का पुत्र है। संदीप कुमार डीएवी डालटनगंज में कक्षा 8 का छात्र है। उसके पिता ने बताया कि संदीप को पिछले आठ दिनों से बुखार है। बुखार के साथ-साथ उसको उल्टी भी होती है। उसे रिम्स के शिशु रोग विभाग के डॉ. एके शर्मा की देखरेख में भर्ती किया गया है। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. एसएस सिडाना ने बताया कि मेनिनजाइटिस मस्तिष्क के छल्ली के सूजन को कहते हैं।
---------
मेनिनजाइटिस
कारण :
- यह मस्तिष्क में इंफेक्शन या बैक्टीरिया के कारण होता है।
पहचान :
- ब्रेन में सूजन, लगातार बेहोश होना, तेज बुखार व शरीर में दर्द और उल्टियां होना।
बचाव :
- बच्चों को नियमित रूप से टीका अवश्य लगाएं। हर बच्चे के अलग-अलग टीके होते हैं।
-----
मेनिनगो इंसेफ्लाइटिस
मेनिनगो इंसेफ्लाइटिस संक्रमण बच्चों और वृद्धों में भी तेजी से होता है। जरूरत है उसका सही इलाज।
---
लक्षण :
- सिर के अगले भाग में तेज दर्द, तेज बुखार, उल्टी होना, सांस लेने में परेशानी।
बचाव
- बच्चों को नियमित टीका के अलावा मच्छरों से बचाव, साफ- सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए। बीमार बच्चे को तुरंत डॉक्टर के पास ले जाएं।
-------------
