यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 25, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जापानी इंसेफ्लाइटिस के 16 संदिग्ध मरीज

संवाद सहयोगी, जमशेदपुर : शहर में जापानी इंसेफ्लाइटिस (जेई) पीड़ितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज में बुधवार को कुल 16 पीड़ितों का नमूना लेकर जांच को भेजा गया। सभी पीड़ितों का इलाज मर्सी, टीएमएच व हरपाल सिंह नर्सिग होम में चल रहा है। ज्ञात हो कि जिले में अबतक कुल 35 पीड़ितों की पुष्टि हो चुकी है। इसमें दो की मौत हो गयी है।
सर्विलांस ऑफिसर डॉ. शाहिर पॉल ने बताया कि मलेरिया व फाइलेरिया विभाग को पत्र लिखकर उन क्षेत्रों में डीडीटी का छिड़काव करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। ताकि जल्द से जल्द मच्छरों को खात्मा किया जाए और लोगों को जागरूक किया जा सके। वहीं मर्सी अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. शुभोजित बनर्जी ने बताया कि बरसात के दिनों में लोगों को जापानी इंसेफ्लाइटिस, चिकुनगुनिया, डेंगू, मलेरिया सहित अन्य बीमारियों के प्रति जागरूक होने की आवश्यकता है। खासकर बच्चों को। बच्चों में यह बीमारी अधिक देखने को मिलती है।
