विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 22, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

लू लगने से दो लोगों की मौत

By Edited By:
Published: Thu, 22 May 2014 01:10 AM (IST)

News Article Hero Image

संवाद सहयोगी, जमशेदपुर : चिलचिलाती धूप लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ा रही हैं। गर्म हवा इतनी ज्यादा कि लू लगना आम बात हो गयी है। इसी का नतीजा है कि बुधवार को लू की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। इसमें एक ही पहचान हो सकी है, जबकि दूसरा अज्ञात बताया जा रहा है। पहला मृतक तामिलनाडु का रहने वाला ट्रक चालक था। बिहार से ट्रक लेकर गम्हरिया आया था। इसी दौरान गम्हरिया में उसकी तबीयत बिगड़ी। स्थानीय लोगों ने उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी मौत हो गयी। वहीं दूसरे व्यक्ति की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। वह साकची में बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ था। साकची पुलिस ने उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया था। अस्पताल का आंकड़ा देखा जाए तो गर्मी से संबंधित पीड़ितों में लगातार इजाफा हो रहा है। एमजीएम अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. केके चौधरी का कहना है कि घर से निकलने से पहले खास सावधानी बरतने की आवश्यकता है। लू लगने का प्रमुख कारण शरीर में नमक और पानी की कमी होना है।

-------------

लू लगने का कारण

एमजीएम अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. केके चौधरी का कहना है कि लू तब लगती है जब हमारा शरीर बाहर की गर्मी से अपना तालमेल स्थापित नहीं कर पाता है। शरीर में गर्मी बढ़ने के कारण और पसीना न निकलने से दिमाग व बाकी अंग खुद को ठंडा रख पाने में असमर्थ हो जाते हैं। इसमें शरीर का तापमान 106 डिग्री फॉरेनहाइट या इससे भी अधिक बढ़ जाता है। इससे लू लगने की आशंका बढ़ जाती है।

--------------

शरीर पर असर

पसीने के रूप में नमक और पानी का बड़ा हिस्सा शरीर से निकलकर खून की गर्मी बढ़ा देता है। इससे बुखार, खून की तेज गति, शरीर में ऐंठन, पैरों के तलवों और आंखों में जलन व बेहोशी होने लगती है। स्थिति गंभीर होने पर रोगी की मौत भी हो सकती है।

--------------

गर्मी के वार से कैसे बचें

- पानी खूब पियें, नींबू-नमक-चीनी डालें या ओआरएस हो तो ज्यादा अच्छा

- नींबू की शिकंजी, दही की लस्सी व नमक डालकर दही का प्रयोग करें

- फलों का जूस फायदेमंद रहता है

- घर से निकले तो पानी पीकर, शरीर को ढक कर चलें।

- बच्चों को उल्टी दस्त हों तो ओआरएस का घोल पिलाएं

- बच्चों को ठंडे स्थान पर रखे, धूप से बचाएं ्र

- तेज बुखार हो तो तत्काल ठंडे पानी की पट्टी रखें

- बच्चों को बार-बार पानी पिलाते रहें।

---

लू की चपेट में आया युवक

जमशेदपुर : चिलचिलाती धूप कहर बनकर बरप रही है। बुधवार को एक और युवक लू की चपेट में आया। सोनारी निवासी रामसेवक कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। रामसेवक ने बताया कि वह दोपहर में घर आए थे, तभी उसकी तबीयत बिगड़ने उन्हें लू लगी है।