यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 06, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गुमला में पुलिस पर हमला, एएसआइ समेत कई जवान घायल
डायन बिसाही के मामले में बंधक पिता और पुत्र को छुड़ाने गई पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया।

गुमला, जेएनएन। गुमला के आसानी टेटरतोली गांव में आज डायन बिसाही के मामले में बंधक पिता और पुत्र को छुड़ाने गई पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस दौरान चार पुलिस कर्मी घायल हो गए।
इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी पिता और पुत्र को भी घायल कर दिया है। इसके बाद भारी संख्या में पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है। इस घटना के बाद से माहौल तनावपूर्ण है। इसके चलते लोगों में खौफ है।
जानकारी के मुताबिक, गुमला के असनी टेटरतोली गांव में मंगलवार की सुबह ग्रामीणों के चंगुल में फंसे डायन बिसाही के आरोपी गांव के ही परमेश्वर उरांव को छुड़ाने पहुची पुलिस के पदाधिकारी और जवानों पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। हमले में एएसआई बबलू बेसरा सहित साथ जवान घायल हो गए। सूचना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस गांव पहुंची, लेकिन गांव के सारे ग्रामीण घरों में ताला बंद कर भाग गए।
गांव में कुछ दिन पहले चामू पहन की मौत हुई थी। ग्रामीण उसकी मौत परमेश्वर द्वारा डायन करने के कारण होना बता रहे थे। इसकी पुष्टि ओझा से कराने के लिए बीते सोमवार की रात ग्रामीण चन्दा कर गांव में बैठक कर रहे थे और बैठक में परमेश्वर को भी बुला रहे थे, लेकिन परमेश्वर रात में ही भागकर पुलिस के पास चला गया। सुबह में उसे साथ लेकर थाना प्रभारी गांव पहुंचे और ग्रामीणों को समझना कि चाहा, लेकिन ग्रामीण परमेश्वर को पुलिस के कब्जे से अपने कब्जे में ले लिया और हाथ बांधकर पूछताछ करने लगे।
वहीं, थाना प्रभरी की सूचना पर डीएसपी इंद्रमणि चौधरी पुलिस बल के साथ पहुंचे और ग्रामीणों के चंगुल से परमेश्वर को छुड़ाने की कोशिश की। इसी दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने लाठी-डंडा से आरोपी और पुलिस पर हमला कर दिया। ग्रामीणों की पिटाई से परमेश्वर भी घायल हो गया। डीएसपी ने बताया कि किसी तरह परमेश्वर और घायल पुलिस कर्मियों को अस्पताल भेजा गया। उनके मुताबिक, सारे ग्रामीण गांव छोड़कर भाग गए हैं।
