यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 03, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
तीन बच्चों की रहस्यमय बीमारी से मौत

संवाद सहयोग, रियासी : जिले की माहौर तहसील स्थित लांचा इलाके में तीन बच्चों की रहस्यमय बीमारी से मौत हो गई है। ग्रामीणों व सरपंच ने मौत की वजह खांसी बताई है, जबकि सीएमओ ने मौत की पुष्टि तो की है मगर खांसी या किसी तरह की महामारी फैलने से इन्कार किया है। यह अलग बात है कि इलाके में दवा के साथ मेडिकल टीम भेज दी गई है।
लांचा इलाके गत दो दिनों में खांसी के कारण तीन बच्चों की मौत होने की बात स्थानीय लोगों ने बताई है। स्थानीय सरपंच मक्खन लाल का दावा है कि पिछले कुछ दिनों से इस इलाके में काफी बच्चे खांसी की चपेट में हैं। सरपंच के मुताबिक 30 जनवरी को स्थानीय निवासी अब्दुल रहमान की दो वर्षीया बच्ची कोसर व फत्तु की आठ माह की बच्ची रवीना की मौत हो गई। इसके अगले दिन 31 जनवरी को स्थानीय निवासी लियाकत की डेढ़ साल की बच्ची परवीन भी चल बसी। सरपंच का दावा है कि जो भी बच्चे खांसी के चपेट में आ रहे हैं उनकी सप्ताह के भीतर मौत हो जाती है। वे कहते हैं कि इलाके के बीस बच्चे खांसी की चपेट में हैं। इनमें से चार की हालत गंभीर बनी हुई है। सरपंच ने बताया कि यहां एक मेडिकल सेंटर है, जहां महज कर्मचारी ही हैं जो चतुर्थ श्रेणी के हैं। अन्य अस्पताल बहुत दूर हैं, इस कारण बच्चों का सही इलाज नहीं हो पा रहा। अधिकारियों से जब शिकायत की गई तब मेडिकल टीम पहुंची है, इलाज शुरू हो गया है।
सरपंच ने बताया कि पास के गांव हाड़ीवाला में कुछ माह पूर्व कई बच्चों की मौत हुई थी। हाड़ीवाला के सरपंच नूर हुसैन के मुताबिक नवंबर व दिसंबर में मुहम्मद रफीक की दो वर्षीय लड़की मुद्दसिर, नजीर अहमद की छह माह की बच्ची, लियाकत की दस माह की बच्ची व मुहम्मद शरीफ के एक साल के बेटे शफीक की मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि अभी बीस बच्चे खांसी की चपेट में हैं। सरपंच ने कहा कि हाड़ीवाला में चिकित्सा सुविधा का कोई साधन नहीं है। नजदीकी मेडिकल सेंटर बुद्धन में पड़ता है और वहां तक पहुंचने के लिए मीलों पैदल सफर करना पड़ता है।
लांचा से हर दिन रिपोर्ट भेजेगी टीम
'लांचा में कुछ बच्चों के मरने की सूचना मिलने पर दो डॉक्टरों सहित मेडिकल टीम लांचा गांव भेजी है। जांच में पता चला कि खांसी या अन्य कोई महामारी नहीं फैली है। तीन बच्चों की मौत जरूर हुई है, लेकिन उनमें दो बच्चों की मौत ठंड व छाती में संक्रमण व बुखार के कारण हुई है। बच्चों को किसी भी मेडिकल सेंटर में उपचार के लिए नहीं लाया गया। उपचार न मिलने के बच्चों की मौत हुई। इसमें से तीसरा बच्चा सामान्य बीमारियों से पीड़ित था, उसकी गूल अस्पताल में मौत हुई थी। दवा सहित भेजी गई मेडिकल टीम तीन माह तक उसी इलाके में रह कर उपचार व जांच करेगी। टीम को रोजाना रिपोर्ट देने को कहा गया है। हाड़ीवाला में किसी तरह की बीमारी या बच्चे की मौत की जानकारी नहीं है।'
- डॉ. यूनुस चौधरी, सीएमओ रियासी
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
