रैली में उमड़ी भीड़, मोदी की नीतियों पर भरोसा
प्रदेश की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड तोड़ विजय के साथ भाजपा को सत्ता में लाने जा रही है।
शिमला, जेएनएन। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में आयोजित आभार रैली में अपेक्षा से अधिक जनता के जुटने पर समस्त प्रदेशवासियों को धन्यवाद व बधाई दी है। उन्होंने कहा कि रैली में उमड़ी भीड़ ने यह स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश की जनता को प्रधानमंत्री मोदी व उनकी नीतियों पर विश्वास है। यह भी स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड तोड़ विजय के साथ भाजपा को सत्ता में लाने जा रही है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि रैली की सफलता से कांग्रेस नेताओं के होश उड़े हुए हैं। सत्ता अपने हाथ से जाती देखकर वे अब आधारहीन बयानों के सहारे भाजपा की आभार रैली में उमड़े जनसैलाब के दावों को निरस्त करने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों नेताओं ने कहा कि रैली के लिए जितनी अपेक्षा भाजपा ने की थी, उससे अधिक जनता ने आकर बिलासपुर शहर, विशेषकर रैली स्थल छोटा पड़ गया था और आने वाले दिनों में भाजपा की लहर कांग्रेस का सुपड़ा साफ करने के लिए तैयार है। रैली प्रधानमंत्री द्वारा तीन साल में हिमाचल को दी गई योजनाओं, आर्थिक सहायता व अनुदानों के लिए आभार जताने को आयोजित की थी।