हिमाचल: चुनावी बजट आज, सबका रहेगा ध्यान
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में आज आगामी वित्त वर्ष का बजट पेश होगा। चुनावी वर्ष में बजट भी लुभावना होने की उम्मीद है।
जेएनएन, शिमला: चुनावी साल है तो जाहिर है कि प्रदेश सरकार का बजट भी लुभावना ही होगा। बजट मे प्रदेश के हर वर्ग को राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह आज शुक्रवार को विधानसभा में वित्त वर्ष 2017-18 के लिए बजट पेश करेंगे। बजट में समाज के हर वर्ग का विशेष ध्यान रखा जाएगा। मुख्यमंत्री का यह 20वां बजट होगा। आर्थिक संकट के बावजूद सरकार विकास के रथ को आगे लेकर जा रही है।
मुख्यमंत्री ने आज तक जितने भी बजट पेश किए है, उनमें प्रदेश के लोगों को टैक्स के बोझ से दूर रखा है। बजट किसानों, बागवानों, महिलाओं व सरकारी कर्मचारियों पर केंद्रित होगा। राज्य के पास अपने संसाधन नहीं है। ऐसे में प्रदेश सरकार केंद्र सरकार पर निर्भर रहती है। सरकार का अधिकांश बजट का 63 प्रतिशत हिस्सा निर्धारित देनदारियो में चला जाता है। इसके अतिरिक्त विकास के लिए बजट धनराशि शेष रहती है। विधानसभा चुनाव इस साल के अंत में तय है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने वादा किया है कि पिछले चुनाव घोषणापत्र की शेष घोषणाओ को पूरा कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: हमारे नहीं..आपके समय से खाली हैं 10 हजार पद
प्रदेश सरकार व संगठन के बीच में बेरोजगारी भत्तों को लेकर चल रही खींचतान में ऐसा प्रतीत होता है। ऐसी संभावना है कि सरकार बेरोजगारी भत्तों को बजट में शामिल कर सकती है। इसके तहत टोकन बजट प्रावधान हो सकता है। सरकार प्रदेश के कर्मचारियों को किसी भी सूरत में नाराज नहीं करना चाहेगी। इसलिए बजट में कर्मचारियों के बकाया वित्तीय लाभ देने की घोषणा शामिल होगी। राजस्व जुटाने के लिए कई क्षेत्रों को विकसित करने का प्रारूप रखा जा सकता है। पर्यटन क्षेत्र की संभावनाओ को देखते हुए कई तरह की घोषणा हो सकती है। इसी तरह से बागवानी व कृषि को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाओं में बजट राशि बढ़ाई जा सकती है।