हिमाचल में कई स्थानों में फिर बर्फबारी, ठंड बढ़ी
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट बदली है। प्रदेश के कई स्थानों में बर्फबारी शुरू हो गई है।
जेएनएन, मनाली/धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट बदली है। प्रदेश के कई स्थानों में बर्फबारी शुरू हो गई है। लाहुल स्पीति व किन्नौर के कई भागों में सुबह से बर्फबारी हो रही है। वहीं अब धर्मशाला व मनाली के साथ लगते पहाड़ों में बर्फबारी शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने हिमाचल में 27 जनवरी तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। इस दौरान 26 जनवरी तक तीन दिन प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बर्फबारी होने की चेतावनी भी जारी की गई है। सुबह से प्रदेश के अधिकांश भाग में बादल छाए हुए हैं।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में आज से भारी बर्फबारी की चेतावनी
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रदेश में प्रशासन ने भी बर्फबारी से निपटने के लिए कमर कस ली है। राजधानी शिमला में अभी मौसम सामान्य है, लेकिन यहां भी बर्फबारी हो सकती है। बर्फबारी से पहले ही प्रदेश की कई सड़कें अभी बंद चल रही है। ऐसे में यह तीन दिन हिमाचल के लिए बेहद चुनौती भरे हैं। पहाड़ों में बर्फबारी शुरू होने से अब ठंड का प्रकोप भी बढ़ने लगा है। चंबा के पांगी सहित कई स्थानों में बर्फबारी शुरू हो गई है। धर्मशाला में दोपहर 12 बजे से हल्की बारिश शुरू हो गई है।