हिमाचल में तीन दिन भारी बर्फबारी की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश में 24 से लेकर 26 जनवरी तक भारी बर्फबारी की संभावना है। इसके अलावा कई स्थानों में तेज बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने इसको लेकर चेतावनी जारी की है।
शिमला [जेएनएन]: हिमाचल प्रदेश में 24 से लेकर 26 जनवरी तक भारी बर्फबारी की संभावना है। इसके अलावा कई स्थानों में तेज बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने इसको लेकर चेतावनी जारी कर दी है। पूर्वानुमान के अनुसार फरवरी के पहले सप्ताह तक पश्चिमी हवाएं प्रदेश में सक्रिय रहेंगी। इस कारण मध्यम से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होगी। मौसम विभाग की मानें तो 24 व 26 जनवरी को प्रदेश में भारी बर्फबारी की संभावना है। इस दौरान अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी से अति भारी बर्फबारी होगी। 27 जनवरी तक प्रदेश में मौसम खराब ही रहेगा। पश्चिमी हवाओं का असर पिछले 24 घंटे से बना हुआ है।
यह भी पढ़ें: मां के अदम्य साहस के आगे पिघला बर्फ का पहाड़
इस दौरान ऊंची पर्वत चोटियों में बर्फबारी हुई है। साथ ही मैदानी क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर बारिश भी रिकॉर्ड की गई है। खदराला में नौ व कल्पा मे 6 सेंटीमीटर बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है। जिला शिमला के चौपाल में भी हल्का हिमपात हुआ है। रोहडू, नाहन और धर्मपुर में हल्की बारिश रविवार को हुई है। हालांकि दोपहर तक राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में मौसम सामान्य हो गया। जनजातीय क्षेत्र केलंग का न्यूनतम तापमान देशभर में सबसे कम दर्ज किया गया है। यहां का तापमान जमाव बिंदु से सात डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया है।
यह भी पढ़ें: शीतलहर से मैदान में जीना मुहाल, पहाड़ों पर बर्फबारी से सर्द हवाअों का प्रकोप बढ़ा
आज सुबह से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए हुए हैं। सुबह से ठंड का प्रकोप कम हुआ है। ऐसे में पूरा संभावना है कि बर्फबारी का दौर उंचाई वाले स्थानों में शुरू हो चुका है। प्रदेश में हो रही बारिश व बर्फबारी को रबी और सेब की फसल के लिए फायदेमंद माना जा रहा है। इसके अलावा मटर, गाजर, फूलगोभी व बंदगोभी के लिए भी बारिश संजीवनी बनी है। बागवानी विशेषज्ञ एसपी भारद्वाज ने बताया कि बारिश और बर्फबारी सेब के बागीचो मे प्राकृतिक उर्वरा शक्ति की कमी को पूरा कर रहे है। बागवान कैल्शियम और नाइट्रेट की आधी मात्रा मे खाद डाले।