यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 01, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
शंख ध्वनि से होगा शाह का स्वागत, तैयारियां मुकम्मल
अमित शाह हरियाणा दौरे की सभी तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं। शाह कल राज्य के तीन दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं।

जेएनएन, रोहतक। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह कल बुधवार से हरियाणा के तीन दिवसीय दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह 22 कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे, जबकि 17 बैठकों को संबोधित करेंगे। यह जानकारी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने यहां मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए दी।
बराला ने कहा कि अमित शाह का हरियाणा में शानदार स्वागत किया जाएगा। उनके दौरे की सभी तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं। उनका स्वागत हरियाणवी नगाड़े ओर घोड़ी के नृत्य के साथ किया जाएगा। शाह के के साथ मोटरसाइकिल सवारों को काफिला भी चलेगा। शाह का स्वागत शंख ध्वनि से किया जाएगा। बराला ने कहा कि शाह के साथ पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री ओर प्रदेश प्रभारी अनिल जैन भी होंगे। पार्टी अध्यक्ष को गोहाना की जलेबी, हांसी के पेड़े और राज्य के पारंपरिक व्यंजन परोसे जाएंगे।
शाह अपने हरियाणा दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री मनोहर लाल एवं उनके मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ बैठक कर सरकार की समीक्षा करेंगे। खास कर गरीब लोगों के लिए शुरू योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा होगी। साथ ही भविष्य में सरकार के लक्ष्यों को लेकर मंथन किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगियों के साथ बैठक होगी।
