विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 21, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

राज्यसभा चुनाव : तैयारी पूरी, किसी भी वक्त कोर्ट जा सकते हैं आनंद

By Kamlesh BhattEdited By:
Published: Tue, 21 Jun 2016 07:47 PM (IST)Updated: Tue, 21 Jun 2016 08:45 PM (IST)

हरियाणा में हुए राज्यसभा चुनाव में धांधली को लेकर कांग्रेस और इनेलो समर्थित उम्मीदवार आरके आनंद ने अदालत जाने की तैयारी कर ली है।

News Article Hero Image

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में हुए राज्यसभा चुनाव में धांधली को लेकर कांग्रेस और इनेलो समर्थित उम्मीदवार आरके आनंद ने अदालत जाने की तैयारी कर ली है। आनंद राज्यसभा के चुनाव नतीजों को किसी भी समय पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में चुनौती दे सकते हैैं।

आनंद ने अपने हक में कांग्रेस के 13 विधायकों के बाद अब इनेलो के भी 18 विधायकों के शपथ पत्र हासिल कर लिए हैैं। इन शपथ पत्रों के आधार पर ही आनंद पहले चुनाव आयोग, फिर हाईकोर्ट में जाएंगे। कांग्रेस व इनेलो विधायकों ने अपने शपथ पत्रों में कहा है कि उन्होंने आनंद के समर्थन में वोटिंग की थी।

इनेलो विधायक दल के नेता अभय सिंह चौटाला की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद पार्टी विधायकों ने आनंद को अपने शपथ पत्र सौंपे। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्देश पर हुड्डा को छोड़कर कांग्रेस के 13 विधायक अपने शपथ-पत्र दे चुके हैं।

पढ़ें : यशपाल मलिक की धमकी, हरियाणा के जाटों से धोखा हुआ तो यूपी देगा जवाब

14 वोट रद होने के कारण हार गए थे आनंद
बता दें कि राज्यसभा चुनाव में 14 वोट रद्द हुए थे। एक बैलेट पेपर खाली मिला था। आनंद ने कांग्र व इनेलो विधायकों के शपथ पत्र मिलने की पुष्टि की है। किरण चौधरी ने बताया कि जिन विधायकों के वोट रद नहीं हुए, उन्होंने शपथ पत्र नहीं दिया है। दो विधायक कुलदीप व रेणुका बिश्नोई विदेश में हैं। हुड्डा का शपथ पत्र नहीं मिलने के सवाल पर आनंद ने कोई टिप्पणी नहीं की।

किरण चौधरी ने दी सोनिया गांधी को पूरी रिपोर्ट
कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने नई दिल्ली में पार्टी अध्यक्षा सोनिया गांधी से मुलाकात कर राज्यसभा चुनाव में धांधली की जानकारी दी थी। इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर भी सोनिया गांधी से मिल चुके हैं। दोनों नेताओं ने कहा कि सभी पार्टी विधायकों ने आनंद को ही वोट दिए थे।

सोनिया गांधी ने किरण और तंवर को पूरे मामले की मजबूत ढंग से पैरवी करने को कहा है। उनके निर्देशों के बाद ही दोनों नेता अगली कार्रवाई के लिए आनंद को लेकर चंडीगढ़ पहुंचे।

पढ़ें : International Yoga Day : योगमय हुआ हरियाणा , लाखों लोगों ने किए आसन

आनंद की पहले चुनाव आयोग, फिर हाईकोर्ट जाने की तैयारी
राज्यसभा उम्मीदवार आरके आनंद ने कहा कि उन्हें कांग्रेस के 13 और इनेलो के 18 विधायकों के शपथ पत्र मिल चुके हैं। सभी शपथ-पत्रों में एक जैसी भाषा है कि इन विधायकों ने मुझे वोट दिए। अब आनंद बुधवार को चंडीगढ़ में चुनाव आयोग में आपत्ति दर्ज कराएंगे। उन्होंने कहा कि अगर न्याय नहीं मिला तो हाईकोर्ट जाने की पूरी तैयारी है।

किरण का दावा : कांग्रेस हाईकमान को पार्टी विधायकों पर भरोसा
कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने बताया कि उनकी और पार्टी प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर की सोनिया गांधी से मुलाकात हुई है। उन्होंने दावा किया कि हाईकमान इस बात से संतुष्ट है कि पार्टी के सभी विधायकों ने आनंद को वोट दिए। पार्टी विधायकों के साथ है।

तंवर ने कहा : भाजपा को बेनकाब करके रहेंगे
वहीं, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में हुई धांधली में भाजपा और चुनाव अधिकारी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की धांधलियों को उजागर करेंगे। स्वच्छ राजनीति और पारदर्शिता का जो आवरण भाजपा ने ओढ़ा हुआ है, उसको बेनकाब किया जाएगा।

पढ़ें : हरियाणा की राजनीति से संबंधित अन्य ख़बरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

पंवार बोले : कांग्रेस विधायकों की गलती से रद हुए वोट
प्रदेश के परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में वोट रद होने का मुद्दा पूरी तरह से कांग्रेस की आपसी गुटबाजी का नतीजा है। कांग्रेस में एक राय नहीं थी। उनकी अपनी गलतियों की वजह से वोट रद हुए हैं। दोष दूसरों पर थोपा जा रहा है।