यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 17, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पंचकूला हिंसा के मामले में एमएसजी का CEO गिरफ्तार
पंचकूला में दंगा फैलाने के आरोप मामले में डेरा सच्चा सौदा से जुड़ी एमएसजी कंपनी के सीईओ सीपी अरोड़ा को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया है।

जेएनएन, चंडीगढ़। पंचकूला हिंसा के मामले में पुलिस ने अब डेरा सच्चा सौदा पर पूरी तरह से शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विशेष जांच दल ने दंगा आरोप मामले में डेरे से जुड़ी एमएसजी कंपनी के सीईओ सीपी अरोड़ा को फतेहाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। अरोड़ा पर देशद्रोह का मामला दर्ज है। उस पर 25 अगस्त को पंचकूला में हिंसा भड़काने का आरोप है।
उधर, गत दिवस डेरा सच्चा सौदा की चेयरपर्सन विपासना से पंचकूला पुलिस ने पूछताछ करनी थी, लेकिन ऐन वक्त पर विपासना ने अपना मेडिकल भिजवा दिया। विपासना से अब दिवाली बाद पूछताछ होगी। पंचकूला के पुलिस कमिश्नर एएस चावला ने बताया कि विपासना ने दो दिन का समय मांगा है, उसके बाद फिर नोटिस देंगे। जो दस्तावेज एवं अन्य जानकारियां मांगी गई थी, उससे मिलने के बाद रिव्यू करेंगे। फिर आगे की कार्रवाई होगी।
सोमवार को पंचकूला पुलिस ने विपासना को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन उसने दो दिन का मेडिकल भेज दिया। विपासना से शुक्रवार को पंचकूला में हनीप्रीत के सामने बैठाकर पूछताछ की गई थी। तब हनीप्रीत ने विपासना के पास कई दस्तावेज होने की बात कही थी। हनीप्रीत के जेल जाने के बाद पुलिस ने लगभग पांच घंटे ओर पूछताछ करने के बाद रात साढ़े 8 बजे उसे छोड़ दिया था। सोमवार को फिर से दस्तावेजों सहित पेश होने के लिए कहा गया था, परंतु वह नहींं पहुंची।
