यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 18, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सीमा विवाद तो बहाना, अपने सामान की घटती खपत से बौखलाया चीनः रामदेव
बाबा रामदेव मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात के लिए चंडीगढ़ पहुंचे। उन्होंने कहा कि चीन अपने सामान की भारत में कम खपत होने से बौखला गया है।

जेएनएन, चंडीगढ़। डोकलाम को लेकर चीन से तनातनी के बीच बाबा रामदेव ने पूरे विवाद के लिए पड़ोसी देश के आर्थिक बहिष्कार को जिम्मेदार ठहराया है। चीन को स्वार्थी देश करार देते हुए रामदेव ने कहा कि भारत में उसके सामान की घटती खपत से वह बुरी तरह तिलमिलाया हुआ है।
बाबा रामदेव मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात के लिए चंडीगढ़ पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने हरियाणा में शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बेहतरी के उपायों पर चर्चा की। बाद में पत्रकारों से रू-ब-रू बाबा रामदेव ने कहा कि सीमा विवाद तो बहाना है। चीन अपने आर्थिक हितों पर प्रतिकूल प्रभाव के चलते बुरी तरह बौखलाया हुआ है। भारत एक बहुत बड़ा बाजार है जहां चीनी आइटम की बिक्री से देश का मोटा पैसा चीन चला जा रहा था। अब उसके होश ठिकाने आने लगे हैं।
सभी भारतीयों को चीनी सामान का बहिष्कार करना चाहिए ताकि हमारे कामगारों, बुनकरों, शिल्पकारों और कुटीर उद्योगों को नई ताकत मिल सके। स्वदेशी वस्तुओं के इस्तेमाल को बढ़ावा देकर पड़ोसी देश को करारा जवाब दिया जा सकता है।
यह भी पढ़ेंः मानव संसाधन विकास मंत्री जावड़ेकर ने कहा, देश में 11 लाख शिक्षक अयोग्य
