विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 15, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ग्रेटर फरीदाबाद में हरियाली बढ़ाने की कवायद

By Edited By:
Published: Mon, 15 Apr 2013 04:15 PM (IST)Updated: Mon, 15 Apr 2013 04:16 PM (IST)

News Article Hero Image

जागरण संवाद केंद्र, फरीदाबाद : ग्रेटर फरीदाबाद में हरियाली बढ़ाने की कवायद के तहत हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (हुडा) के बागवानी विभाग ने यहां के तीन सेक्टरों में पौधारोपण के लिए बजट तैयार कर मंजूरी के लिए प्रदेश सरकार को भेज दिया है। इस बात की उम्मीद जताई जा रही है कि बरसात का मौसम शुरू होने से पहले बजट को मंजूरी मिल जाएगी।

दिलचस्प बात यह है कि प्रदेश सरकार का ग्रेटर फरीदाबाद के विकास कार्यो पर शुरू से ही विशेष ध्यान रहा है। सरकार ने कुछ दिन पहले ही करोड़ों रुपये की लागत से सीवर डालने के साथ-साथ जलापूर्ति के लिए करोड़ों रुपये का बजट मंजूर किया था, वहीं जिले में मास्टर रोड का निर्माण कार्य भी तीव्र गति से जारी है। उक्त रोड को लगभग 51 किलोमीटर में तैयार किया जाएगा। मास्टर रोड के साथ-साथ हरित पट्टी भी बनाई जाएगी वहीं सड़कों के किनारे पौधे लगाए जाएंगे।

सेंट्रल वर्ज में भी पौधारोपण की योजना है जिसे अमलीजामा पहनाने के लिए बागवानी विभाग ने फिलहाल ग्रेटर फरीदाबाद के तीन सेक्टर-75, 76 और सेक्टर-77 में पौधे लगाने के लिए तकरीबन दो करोड़ रुपये का बजट तैयार किया है, जिसे मंजूरी के लिए प्रदेश सरकार को भेज दिया गया है। योजना के अनुसार पहले चरण में तीन सेक्टरों में करीब दस हजार पौधे लगाए जाएंगे। जब और सेक्टर बन जाएंगे तो वहां भी पौधारोपण का काम शुरू कर दिया जाएगा।

बागवानी विभाग के एसडीओ नरेश कुमार ने उम्मीद जताई कि इस बाबत बजट बारिश से पहले मंजूर हो जाएगा। बजट मंजूर कराने के लिए विभाग के उच्चाधिकारियों से संपर्क जारी है। उन्होंने बताया कि अगर सब ठीक-ठाक रहा तो फलदार पौधे भी लगाए जाएंगे।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर