विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 21, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

एसवाइएल पर रार: सीमा पर पंजाब पुलिस ने गुपचुप खोदे गड्ढे, हरियाणा ने भरे

By Kamlesh BhattEdited By:
Published: Tue, 21 Feb 2017 12:26 PM (IST)Updated: Tue, 21 Feb 2017 12:41 PM (IST)

इनेलो द्वारा एसवाइएल की खोदाई की घोषणा के बाद पंजाब पुलिस ने हरियाणा की सीमा पर गड्ढे खोद दिए। मौके ...और पढ़ें

एसवाइएल पर रार: सीमा पर पंजाब पुलिस ने गुपचुप खोदे गड्ढे, हरियाणा ने भरे
एसवाइएल पर रार: सीमा पर पंजाब पुलिस ने गुपचुप खोदे गड्ढे, हरियाणा ने भरे

जेएनएन, अंबाला। सतलुज यमुना लिंक नहर (एसवाइएल) की खोदाई से पहले ही पंजाब पुलिस ने हरियाणा सीमा में बिना अनुमति के गुपचुप तरीके बड़े-बड़े दो गड्ढे खोद दिए। इतना ही नहीं, घग्गर नदी के पास एक दीवार भी बना दी गई है, जिसका हरियाणा ने विरोध जता दिया है।

अंबाला के डीसी प्रभजोत सिंह, आइजी सुभाष यादव और अंबाला के एसपी अभिषेक जोरवाल ने घग्गर नदी का मुआयना कर स्थिति का जायजा लिया। साथ ही तुरंत प्रभाव से इन दोनों गड्ढों को भरवा दिया। सीमा पर पंजाब पुलिस अधिकारियों को भी बुलाया गया था लेकिन वह कन्नी काट गए। डीसी ने प्रदेश के गृह सचिव और मुख्य सचिव को पत्र लिखकर इस मुद्दे पर कार्रवाई की सिफारिश करते हुए पंजाब सरकार के साथ बातचीत की बात कही है।

बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अनुपालना करने के लिए इंडियन नेशनल लोकदल के कार्यकर्ता 23 फरवरी को अंबाला शहर अनाज मंडी में एकत्रित होंगे। यहां से ट्रैक्टर ट्रॉलियों व अन्य वाहनों में भर-भरकर इस्माइलपुर स्थित पंजाब बार्डर की तरफ बढ़ते हुए नहर की खोदाई का काम शुरू करेंगे। हरियाणा और पंजाब में आने-जाने वालों को परेशानियों से बचाने के लिए अंबाला प्रशासन ने पंजाब जाने वाले रूट को एनएच- 22 चंडीगढ़ रूट पर डायवर्ट कर दिया है।

वहीं नहर की खोदाई को लेकर पंजाब और हरियाणा में तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। इसी बीच नेशनल हाईवे के अधिकारियों ने अंबाला डीसी को अवगत कराया कि पंजाब पुलिस ने जेसीबी की मदद से आठ बाई 15 के बड़े-बड़े दो गड्ढे अंबाला सीमा में खोदे गए हैं। डीसी प्रभजोत सिंह ने बताया कि इस संबंध में पत्र लिखकर आलाधिकारियों को जानकारी दे दी गई है। साथ ही गड्ढों को भी बंद करवा दिया गया है। इस संबंध में पंजाब पुलिस के अधिकारियों से भी प्रशासन ने बातचीत की, लेकिन कोई भी यह नहीं बता सका कि अंबाला की सीमा में इन गड्ढों को क्यों खोदा गया है?

यह भी पढ़ें: एसवाइएल पर विवाद बढ़ा, इनेलो की धमकी के बाद पटियाला में हरियाणा सीमा सील