सूरत टू लंदन: नहीं मिला चीन का वीजा, वापस लौटेंगे चारों गुजराती
कार द्वारा सूरत से लंदन जाने का चार गुजरातियों का सपना पूरा नहीं हो सका। चारों इस समय नेपाल में रुके हुए हैं। यहां वे पिछले चार दिनों से चीन के वीजा का इंतजार कर रहे थे।
सूरत। कार द्वारा सूरत से लंदन जाने का चार गुजरातियों का सपना पूरा नहीं हो सका। चारों इस समय नेपाल में रुके हुए हैं। यहां वे पिछले चार दिनों से चीन के वीजा का इंतजार कर रहे थे, लेकिन हाल ही में नेपाल में आए भूकंप के चलते चीन ने तिब्बत बॉर्डर से चीन पहुंचने वाले यात्रियों के लिए दरवाजे बंद कर रखे हैं। इसके चलते अब इन्हें वापस लौटना पड़ रहा है। 'फूड फॉर ऑल का संदेश देने के लिए चारों कार द्वारा सूरत से लंदन तक की यात्रा करने वाले थे।
चारों सदस्य चेतन देसाई एवं डॉ अशोक पटेल, राजेन देसाई एवं परेश पटेल के नाम के पहले अक्षर को मिला कर साहसी टीम का नाम रखा है कार्प। इस साहस का उद्देश्य है 'फूड फॉर ऑल का संदेश देना। सूरत से निकले ये चारो साहसी 15 देशों की 16077 किमी की यात्रा के बाद लंदन पहुंचेंगे।
अब म्यांमार से करेंगे यात्रा शुरू
चारों मित्रों ने बताया कि फिलहाल हम सूरत पहुंच रहे हैं। और अब म्यांमार के रूट से होते हुए चीन पहुंचेंगे। हमें चीन का वीजा मिल गया है। फिलहाल हम म्यांमार से ड्राइविंग परमिट मिलने का इंतजार कर रहे हैं। इसका वीजा मिलते ही हम फिर से अपनी यात्रा शुरू करेंगे।