Move to Jagran APP

Box Office पर 10 सालों में जानिए कैसी रही दिवाली, कौन सी हुईं हिट, किसका निकला दिवाला

इस साल दिवाली के त्यौहार पर अजय देवगन की 'गोलमाल अगेन' और आमिर ख़ान की 'सीक्रेट सुपरस्टार' रिलीज़ हो रही हैं।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Mon, 16 Oct 2017 01:36 PM (IST)Updated: Thu, 19 Oct 2017 11:17 AM (IST)
Box Office पर 10 सालों में जानिए कैसी रही दिवाली, कौन सी हुईं हिट, किसका निकला दिवाला
Box Office पर 10 सालों में जानिए कैसी रही दिवाली, कौन सी हुईं हिट, किसका निकला दिवाला

मुंबई। फ़िल्म रिलीज़ करने के लिए त्यौहारों को सबसे उपयुक्त अवसर माना जाता है। किसी भी पर्व के मौक़े पर चारों तरफ़ उत्साह का माहौल होता और लंबी छुट्टियां सिने-प्रेमियों के लिए वरदान साबित होती हैं। त्यौहार मनाने के बाद दर्शक परिवार सहित मनोरंजन के लिए सिनेमाघरों का रुख़ करते हैं। दिवाली का त्यौहार फ़िल्ममेकर्स के लिए सबसे ख़ास होता है, क्योंकि इतनी लंबी छुट्टी दूसरे त्यौहारों में नहीं होती। 

loksabha election banner

इस साल दिवाली के त्यौहार पर अजय देवगन की 'गोलमाल अगेन' और आमिर ख़ान की 'सीक्रेट सुपरस्टार' रिलीज़ हो रही हैं। 'सीक्रेट सुपरस्टार' जहां ऐन दिवाली के दिन 19 अक्टूबर को रिलीज़ हो रही है, वहीं 'गोलमाल अगेन' त्यौहार के एक दिन बाद 20 अक्टूबर को सिनेमाघरों में पहुंच रही है। इन दोनों फ़िल्मों को लेकर इंडस्ट्री में भी काफ़ी हलचल है। रोहित शेट्टी निर्देशित 'गोलमाल अगेन' इस फ्रेंचाइजी का चौथा भाग है, जिसके पीछे कामयाबी का लंबा इतिहास है, इसकी चर्चा हम आगे करेंगे। वहीं, 'सीक्रेट सुपरस्टार' वैसे तो नये निर्देशक अद्वैत चंदन ने डायरेक्ट की है और ज़ायरा वसीम लीड रोल में हैं, मगर फ़िल्म से आमिर ख़ान के एसोसिएशन की वजह से इसे कमतर नहीं आंका जा सकता है, क्योंकि इसके पीछे आमिर की रेप्यूटेशन है। लिहाज़ा मुक़ाबला ना होते हुए भी एक टकराव की स्थिति बन गयी है। 

यह भी पढ़ें: रिलीज़ से पहले हुआ गोलमाल, अजय-आमिर की मीटिंग का ये रहा सीक्रेट

हालांकि 20 साल पहले 'इश्क़' में साथ काम कर चुके दोनों सुपरस्टार्स किसी भी टक्कर की बात को नज़रअंदाज़ करके आगे बढ़ने में यक़ीन करते हैं। इसीलिए पिछले दिनों ट्विटर पर मुलाक़ात का एक फोटो भी आमिर और अजय ने शेयर किया, ताकि लोगों को किसी तरह की ग़लतफ़हमी ना रहे। 'गोलमाल अगेन' और 'सीक्रेट सुपरस्टार' का भविष्य अब जनता के हाथों में है, जिसका पता रिलीज़ के बाद चलेगा, लेकिन फ़िलहाल हम एक नज़र दिवाली पर रिलीज़ होने वाली फ़िल्मों की कामयाबी के पैटर्न पर डालते हैं और जानने की कोशिश करते हैं कि पिछले 10 सालों में दिवाली पर किसने सक्सेस का बम फोड़ा और किसने असफलता के फुस्की बम से काम चलाया।

2007

इस साल दो फ़िल्मों का दिवाली पर मुक़ाबला हुआ। फ़राह ख़ान की 'ओम शांति ओम' और संजय लीला भंसाली की 'सावरिया'। घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर 'ओम शांति ओम' 78 करोड़ का नेट कलेक्शन करके हिट हुई तो 'सावरिया' 23 करोड़ का कलेक्शन करके फ्लॉप रही। ;'सावरिया' से रणबीर कपूर और सोनम कपूर ने बॉलीवुड में डेब्यू किया था, जबकि 'ओम शांति ओम' से दीपिका पादुकोण बॉलीवुड को मिलीं। 

2008

29 अक्टूबर को रोहित शेट्टी की 'गोलमाल रिटर्न्स' और मधुर भंडारकर की 'फ़ैशन' आमने-सामने आयीं। दोनों फ़िल्म कामयाब रहीं। 2006 में आयी 'गोलमाल' के दूसरे पार्ट 'गोलमाल रिटर्न्स' ने जहां 52 करोड़ का कलेक्शन किया था, वहीं फ़ैशन ने 30 करोड़ जमा किये। 

2009

16 अक्टूबर को रोहित शेट्टी निर्देशित 'ऑल द बेस्ट' रिलीज़ हुई, जिसमें अजय देवगन और संजय दत्त लीड रोल्स में थे। इसके साथ एंथनी डिसूज़ा निर्देशित 'ब्लू' और प्रेम सोनी की 'मैं और मिसेज खन्ना' रिलीज़ हुईं। 'ब्लू' में अक्षय कुमार और संजय दत्त लीड रोल्स में थे, जबकि 'मैं और मिसेज खन्ना' में सलमान ख़ान ने लीड रोल निभाया। मुक़ाबला तगड़ा था, मगर दिवाली का जश्न 62 करोड़ का कलेक्शन करके सिर्फ़ 'ऑल द बेस्ट' ने सेलिब्रेट किया। लागत अधिक होने की वजह से 'ब्लू' 75 करोड़ का कलेक्शन करके भी फ्लॉप रही, वहीं 'मैं और मिसेज खन्ना' 25 करोड़ ही जमा कर सकी थी। 

2010

यह भी पढ़ें: अक्षय कुमार के बॉडी डबल रह चुके हैं रोहित शेट्टी, ये है फ़िल्म का नाम

गोलमाल सीरीज़ का तीसरा भाग गोलमाल3, 5 नवंबर को रिलीज़ हुआ। इसके साथ विपुल शाह की एक्शन रीप्ले आयी। स्टार पॉवर के हिसाब से दोनों फ़िल्में बराबर थीं, मगर दर्शकों ने गोलमाल3 के साथ दिवाली मनायी। फ़िल्म ने 108 करोड़ का कलेक्शन किया। फ़्रेंचाइजी की ये पहली 100 करोड़ की फ़िल्म थी। वहीं एक्शन रीप्ले 29 करोड़ पर ही सिमट गयी। 

2011

इस दिवाली 26 अक्टूबर को शाह रुख़ ख़ान की साई-फ़ाई थ्रिलर 'रा.वन' अकेले मैदान में उतरी। अनुभव सिन्हा निर्देशित फ़िल्म महज़ 118 करोड़ का कलेक्शन करके फ़ायदे में तो रही, मगर हिट नहीं हुई। इस फ़िल्म का शाह रुख़ ने जिस तरह प्रमोशन और ब्रैंडिंग की वो एक अलग कहानी है।

2012

13 नवंबर को बॉक्स ऑफ़िस पर फिर बड़ा मुक़ाबला हुआ। यश चोपड़ा निर्देशित आख़िरी फ़िल्म 'जब तक है जान' और अश्विनी धीर की 'सन ऑफ़ सरदार' सिनेमाघरों में पहुंचीं। एक तरफ़ शाह रुख़ ख़ान थे तो दूसरी तरफ़ अजय देवगन और संजय दत्त। दोनों फ़िल्में कामयाब रहीं। 'जब तक है जान' 120 करोड़ जमा करके सुपर हिट हुई तो 'सन ऑफ़ सरदार' 105 करोड़ का कलेक्शन करके हिट रही। 

2013

यह भी पढ़ें: अमिताभ बच्चन का इन एक्टर्स से रहा है 36 का आंकड़ा, बाद में सुधरे रिश्ते

31 अक्टूबर को रितिक रोशन की सुपर हीरो फ़िल्म 'कृष3' सोलो रिलीज़ हुई, जो कोई मिल गया फ्रेंचाइजी का तीसरा भाग थी। राकेश रोशन निर्देशित फ़िल्म ने 240 करोड़ का कलेक्शन किया और हिट रही। फ़िल्म में विवेक ओबेरॉय ने काल नाम के विलेन का रोल निभाया था, जबकि कंगना रनौत एक म्यूटेंट के किरदार में नज़र आयीं।

2014

24 अक्टूबर को फ़राह ख़ान की 'हैप्पी न्यू ईयर' अकेले रिलीज़ हुई। शाह रुख़ ख़ान और दीपिका पादुकोण स्टारर  इस फ़िल्म ने 205 करोड़ का कलेक्शन किया। फ़िल्म को नुक़सान तो नहीं हुआ, मगर बहुत फ़ायदे में भी नहीं रही। 

2015

12 नवंबर को सूरज बड़जात्या डायरेक्टेड 'प्रेम रतन धन पायो' रिलीज़ हुई, जिसने 207 करोड़ का कलेक्शन किया और हिट रही। इस फ़िल्म में सोनम कपूर सलमान के साथ रीयूनाइट हुईं और सलमान ने डबल रोल प्ले किया। 

2016

यह भी पढ़ें: अजय देवगन अगर जान लें ये 'सीक्रेट' तो नहीं लगेगा आमिर ख़ान से 'डर'

28 अक्टूबर को करण जौहर की 'ऐ दिल है मुश्किल' और अजय देवगन निर्देशित 'शिवाय' रिलीज़ हुईं। रणबीर कपूर, अनुष्का शर्मा और ऐश्वर्या राय स्टारर 'ऐ दिल है मुश्किल' जहां 112 करोड़ का कलेक्शन करके फ़ायदे में रही, वहीं 'शिवाय' 100 करोड़ का बिज़नेस करके औसत केटेगरी में आ सकी। 

इस विश्लेषण से एक बात को साफ़ हो जाती है कि दर्शक सिर्फ़ त्यौहार के हर्षोल्लास में अपनी मेहनत की कमाई महंगे टिकटों पर ख़र्च नहीं करता है, त्यौहार पर भी फ़िल्म वही चलती है जिसके कंटेंट में दम होता है। ऐसे में 'सीक्रेट सुपरस्टार' और 'गोलमाल अगेन' के बीच मुक़ाबला दिलचस्प रहने की प्रबल संभावना है। (बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन के सभी आंकड़े ट्रेड सोर्सेज़ से लिये गये हैं)


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.