Exclusive: फिल्म नूर के बहाने मुंबई भ्रमण पर निकली थीं सोनाक्षी
सोनाक्षी कहती हैं कि "मेरी चाहत होगी कि मैं मुंबई की सिर्फ एक बड़ी परेशानी पर सबका ध्यान आकर्षित करूं और वह है ट्रैफिक़।
अनुप्रिया वर्मा, मुंबई। सोनाक्षी सिन्हा फिल्म नूर में मुंबई गर्ल की भूमिका में हैं। उनका बचपन मुंबई में ही बीता है लेकिन इसके बावजूद वो मुंबई के कई हिस्सों में आज तक नहीं गयी थीं पर नूर के बहाने उन्होंने अपनी ये तमन्ना भी पूरी कर ली है।
सोनाक्षी ने बताया कि नूर की शूटिंग के चलते फिल्म के निर्देशक ने उन्हें मुंबई के ऐसे जगहों की सैर करायी कि वो दंग रह गयी थीं कि मुंबई में ऐसी जगहें भी हैं। खुद सोनाक्षी ने स्वीकारा कि वडाला, मानखुर्द, वाशी सहित कई ऐसी जगहें हैं जहां वो कभी गई ही नहीं थीं। सोनाक्षी अपने अनुभव को शेयर करते हुए बताती हैं कि उन्होंने वाशी तक कार में ट्रैवल किया और रियल लोकेशन पर शूटिंग की तो उन्हें रोड से ट्रैवल करके बहुत मजा आया। वडाला नाम वह सुना करती थीं लेकिन कभी उस जगह नहीं गयी थीं। इस फिल्म के दौरान उन्होंने महसूस किया कि मुंबई की एक दुनिया ऐसी भी है, जहां लोगों की अलग परेशानियां हैं। लोग अलग तरह से जिंदगी में सर्वाइव करते हैं। ये शहर सिर्फ सिर्फ चकाचौंध का नहीं है।
आ गई नूर , ले के अपना सुर, सुनिये गाना
सोनाक्षी, फिल्म में वह जर्नलिस्ट की भूमिका में हैं और अगर उन्हें कभी मौका मिले कि वह जर्नलिस्ट बनें तो किस बिट पर वे काम करना चाहेंगी और कौन से मुद्दे उठाना चाहेंगी, इस पर सोनाक्षी कहती हैं कि "मेरी चाहत होगी कि मैं मुंबई की सिर्फ एक बड़ी परेशानी पर सबका ध्यान आकर्षित करूं और वह है ट्रैफिक़, क्योंकि यही मुंबई की बहुत बड़ी परेशानी है। सड़क अच्छे बने और ट्रैफिक कंट्रोल को लेकर कुछ काम किये जायें तो मैं इसी बात पर जोर दूंगी।"