Box Office: गोलमाल के दबदबे के बीच सीक्रेट सुपरस्टार की दूसरे दिन इतनी कमाई
फिल्म का अच्छा कंटेंट, आमिर खान का प्रेज़ेंस और तगड़ी माऊथ पब्लिसिटी के चलते सीक्रेट सुपरस्टार को फ़ायदा मिला है।
मुंबई। ज़ायरा वसीम स्टारर फिल्म सीक्रेट सुपरस्टार की दिल छू लेने वाली कहानी ने लोगों के बीच अपना अच्छा ख़ासा प्रभाव जारी रखते हुए दूसरे दिन बॉक्स ऑफ़िस से 9 करोड़ से अधिक का कलेक्शन किया है।
आमिर खान प्रोडक्शन में बनी एक बच्ची के सपनों की कहानी 'सीक्रेट सुपरस्टार' बॉक्स ऑफ़िस पर उम्मीदों के मुताबिक खरी उतरी है। अद्वैत चंदन निर्देशित इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर दूसरे दिन दोगुने के करीब का उछाल हासिल किया है। गुरुवार को रिलीज़ हुई सीक्रेट सुपरस्टार को शुक्रवार को 9 करोड़ 30 लाख रूपये का कलेक्शन मिला है। फिल्म को 4 करोड़ 80 लाख रूपये की ओपनिंग मिली थी। फिल्म का नेट इंडिया कलेक्शन अब 14 करोड़ 10 लाख रूपये हो गया है। फिल्म का अच्छा कंटेंट, आमिर खान का प्रेज़ेंस और तगड़ी माऊथ पब्लिसिटी के चलते सीक्रेट सुपरस्टार को फ़ायदा मिला है। और ऐसा तब जब दूसरे दिन बॉक्स ऑफ़िस पर अजय देवगन की गोलमाल अगेन रिलीज़ हुई और फिल्म को जबरदस्त कलेक्शन मिले।
आमिर खान के पुराने बिज़नेस मैनेजर अद्वैत चंदन की ये फिल्म एक लड़की की कहानी है , जिसे अपने सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष करना पड़ता है। वो संगीत की दुनिया में नाम कमाना चाहती है लेकिन उसके सुर लोगों के कानों तक पहुंचे उससे पहले उसके पिता राह में रोड़ा बनते हैं। बाद में वो इंटरनेट सहारे दुनिया तक अपना हुनर ले जाती है वो भी सीक्रेट तरीके से। साल 2015 में जब ये फिल्म शुरू हुई थी तब इसका नाम 'आज फिर जीने की तमन्ना है' था लेकिन बाद में बदल सुपरस्टार किया गया। फिल्म में इंसिया नाम की इस बच्ची का किरदार ज़ायरा वसीम ने निभाया है।
यह भी पढ़ें:Box Office: गोलमाल अगेन ने पहले दिन रचा इतिहास, कमाई जानकर हो जाएंगे हैरान
आमिर खान ने फिल्म को प्रोड्यूस करने के साथ शक्ति कुमार नाम के म्यूज़िक डायरेक्टर का छोटा लेकिन अहम् रोल निभाया है। इंडिया और ओवरसीज़ को मिला कर 2842 स्क्रीन्स में रिलीज़ हुई सीक्रेट सुपरस्टार का बजट करीब 50 करोड़ रूपये बताया जाता है।