विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 13, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आज भी कायम है श्रीदेवी का जलवा

By Edited By:
Published: Tue, 13 Aug 2013 02:48 PM (IST)Updated: Tue, 13 Aug 2013 02:57 PM (IST)

बॉलीवुड की हवाहवाई बेशक आज पचास बरस की हो गई हैं, लेकिन दर्शकों के दिल पर आज भी वे पहले ...और पढ़ें

News Article Hero Image

बॉलीवुड की हवाहवाई बेशक आज पचास बरस की हो गई हैं, लेकिन दर्शकों के दिल पर आज भी वे पहले की तरह राज कर रही हैं। 15 साल बाद इंग्लिश-विंग्लिश में सफल वापसी करके वे यह बात साबित कर चुकी है। 80 के दशक से अब तक बॉलीवुड में कितनी हीरोइनें आई और चली गई, लेकिन श्रीदेवी उन गिनी-चिनी अभिनेत्रियों में शामिल है, जिनकी दर्शकों पर अमिट छाप है।

तस्वीरों में श्रीदेवी की 10 सुपरहिट फिल्में

चुलबुली अभिनेत्री मानी जाने वाली श्रीदेवी ने अपने अभिनय से भारतीय सिनेमा जगत में अभिनेत्री की छवि को भी चुलबुला बना दिया। उनका जन्म 13 अगस्त, 1963 को शिवकाशी, तमिलनाडु में हुआ था। उनके पिता अय्यपन पेशे से वकील थे।

10 बातें, जो आप श्रीदेवी के बारे में शायद ही जानते हों

श्रीदेवी ने चार वर्ष की उम्र से ही फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया था। बाल कलाकार के रूप में श्रीदेवी ने 'कंदन करूणाई' में भगवान शिव का किरदार निभाया था। इसके अलावा भी उन्होंने कई तेलुगु और तमिल फिल्मों में बतौर बाल कलाकार काम किया है।

श्रीदेवी को सबसे पहले एक अभिनेत्री के तौर पर के. बालाचंदर की 'मुंदरु मुडिचु' में काम करने का मौका मिला, जिसमें उनके साथ रजनीकांत और कमल हसन जैसे कलाकार थे। इसके बाद उन्होंने रजनीकांत और कमल हसन के साथ कई हिट फिल्मों में काम किया।

बॉलीवुड में श्रीदेवी ने सबसे पहले 1975 में फिल्म जूली में सह अभिनेत्री के तौर पर काम किया। 1978 में आई फिल्म सोलहवां सावन से श्रीदेवी ने बॉलीवुड में अपने अभिनय करियर की शुरुआत की। लेकिन यह फिल्म श्रीदेवी को पहचान दिलाने में असफल साबित हुई।

1983 में रिलीज हुई फिल्म हिम्मतवाला से बालीवुड में श्रीदेवी के सफलता की कहानी शुरू हुई। फिल्म में श्रीदेवी और जीतेंद्र की जोड़ी को लोगों ने खूब पसंद किया और इसके बाद तो यह बॉलीवुड की सबसे कामयाब जोडिय़ों में गिनी जाने लगी। जीतेंद्र के साथ श्रीदेवी ने तोहफा, मवाली, जस्टिस चौधरी जैसी हिट फिल्में दीं।

1983 में ही आई फिल्म सदमा को श्रीदेवी की सबसे सफल फिल्म माना जाता है, जिसमें उनका अद्वितीय अभिनय था। अस्सी के दशक में श्रीदेवी ने कई फिल्में नगीना, कर्मा, सुहागन, जांबाज, जोशीले, मिस्टर इंडिया, चालबाज और चांदनी जैसी एक से एक सुपरहिट फिल्में दीं।

फिल्म मिस्टर इंडिया के गाने हवा हवाई ने श्रीदेवी को बॉलीवुड की मिस हवा हवाई बना दिया। यह फिल्म एक सुपरहिट साबित हुई। श्रीदेवी की एक और फिल्म चांदनी भी उनके करियर की सर्वश्रेष्ट फिल्मों में से एक थी। फिल्म चालबाज के लिए श्रीदेवी को पहली बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का फिल्मफेयर खिताब मिला। इस फिल्म मे उन्होंने डबल रोल किया था।

श्रीदेवी ने कई जीतेंद्र, अनिल कपूर और मिथुन चक्रवर्ती जैसे अभिनेताओं के साथ पर्दे पर जोड़ी बनाई

फिल्म रूप की रानी चोरों का राजा के फ्लॉप होने के बाद से श्रीदेवी का ग्राफ गिरता चला गया। बाद के सालों में उन्होंने गुमराह, लाडला, जुदाई जैसी फिल्मों में काम किया।

आज श्रीदेवी दो बेटियों जाहन्वी और खुशी की मां हैं। वे एक सफल मां और पत्‍‌नी का रोल असल जिंदगी में भी बखूबी निभा रही है। परिवार को वक्त देने के लिए ही उन्होंने पंद्रह साल तक फिल्मों से दूरी बनाए रखी। उनके पति बोनी कपूर उम्र में भले ही उनसे बहुत बड़े हैं, लेकिन दोनों के बीच बेहतरीन तालमेल और जबदरस्त प्रेम है। दोनों की पहली मुलाकात मिस्टर इंडिया के दौरान हुई थी। बोनी बताते हैं, जब श्रीदेवी को मैंने मां के सामने फिल्म ऑफर की तो श्रीदेवी की मां ने फीस के तौर पर 10 लाख रुपए मांगे। मैंने 10 की बजाय 11 लाख रुपए श्रीदेवी को दिए।' उन्होंने बाद में खुद माना कि वह श्रीदेवी को ज्यादा फीस देकर उनके करीब जाना चाहते थे। आखिरकार बोनी को इसका फायदा भी मिला और वह श्रीदेवी से शादी करने में कामयाब रहे।

श्रीदेवी के जन्मदिन पर हम रील और रीयल लाइफ में उनकी सफलता की दुआ करते हैं।

उपलब्धियां

1982 में [मीनदुम कोकिला] के लिए तमिल फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस अवार्ड

1990 में फिल्म [चालबाज] के लिए पहला फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस अवार्ड

1991 में [क्षाना क्षानम] के लिए तेलुगु फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस अवार्ड

1992 में फिल्म [लम्हे] के लिए फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस अवार्ड

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर