विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 01, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

28 की हुईं अनुष्का, बचपन में दिखती थीं ऐसी, एक चीज अब भी नहीं बदली

By Pratibha Kumari Edited By:
Published: Sun, 01 May 2016 10:09 AM (IST)Updated: Sun, 01 May 2016 05:26 PM (IST)

अनुष्का शर्मा 28 साल की हो गईं। आइए इस खास मौके पर आपको दिखाते हैं कि बचपन में वो कैसी ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली (जेएनएन)। बॉलीवुड की बिंदास, साहसिक अभिनेत्रियों की बात करें तो एक नाम जरूर अनुष्का शर्मा का होगा, जो इन दिनों 'हरियाणा की शेरनी' कहकर पुकारी जा रही हैं। दरअसल, 'सुल्तान' में सलमान खान की तरह अनुष्का भी एक पहलवान का किरदार निभाती और अखाड़े में हर दाव-पेंच दिखाती नजर आएंगी। फिलहाल बात करते हैं सिर्फ अनुष्का की, जिनका आज बर्थडे है।

अयोध्या में हुआ था जन्म

अनुष्का का जन्म एक मई 1988 को उत्तर प्रदेश, अयोध्या में हुआ था, मगर पालन-पोषण बंगलूरू में हुआ। उनके पिता कर्नल अजय कुमार शर्मा आर्मी ऑफिसर और मां आशिमा शर्मा होम मेकर हैं। वहीं अनुष्का के एक बड़े भाई कारनेश शर्मा भी हैं, जो मर्चेंट नेवी में हैं। अनुष्का के पिता उत्तर प्रदेश के हैं, मगर मां गढ़वाली हैं। एक इंटरव्यू में अनुष्का ने कहा था कि उन्हें एक एक्ट्रेस होने की तुलना में एक आर्मी ऑफिसर की बेटी कहलाने में ज्यादा गर्व महसूस होता है।

बचपन की मुस्कान बरकरार

बचपन में अनुष्का बहुत ही प्यारी दिखती थीं। तस्वीरों को देखते हुए एक बात जरूर आप भी कहेंगे कि उनके चेहरे की मासूम मुस्कान अभी भी वैसे ही है। चेहरे से काफी शरारती भी लग रही हैं।

जन्मदिन विशेष: एक नजर अनुष्का शर्मा के फिल्मी सफर पर

अनुष्का ने बंगलूरू में आर्मी स्कूल से पढ़ाई की और माउंट कारमेल कॉलेज से ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की। अनुष्का मॉडलिंग या पत्रकारिता में अपना करियर बनाना चाहती थीं। एक्ट्रेस बनने की तो उन्होंने सोची ही नहीं थी। इसलिए पढ़ाई पूरी होने के बाद वो मॉडलिंग के लिए मुंबई आ गईं।

अनुष्का को 2007 में करियर का पहला ब्रेक मिला, जब उन्हें लैक्मे फैशन वीक के दौरान वेंडेल रोड्रिक्स के लिए मॉडलिंग करने का मौका दिया गया। इसके बाद अनुष्का ने 2008 में आदित्य चाेपड़ा की फिल्म 'रब ने बना दी जोड़ी' से शाहरुख खान जैसे सुपरस्टार के साथ बॉलीवुड में कदम रखा और आते ही हर किसी की जुबां पर अनुष्का का नाम चढ़ गया।

एक्ट्रेस भी, प्रोड्यूसर भी

'रब ने बना दी जोड़ी' के बाद अनुष्का ने अपने फिल्मी करियर में कभी पीछे मूड़ कर नहीं देखा और आज वो सिर्फ एक एक्ट्रेस ही नहीं, बल्कि प्रोड्यूसर भी हैं। 'सुल्तान' के अलावा अनुष्का अपनी दूसरी होम प्रोडक्शन फिल्म 'फिल्लौरी' में भी व्यस्त हैं। उनकी पहली होम प्रोडक्शन फिल्म 'एन एच 10' दर्शकों को काफी पसंद आई थी और ऐसे में इस फिल्म से भी काफी उम्मीदें हैं।

तीनों खान के साथ मिला काम का मौका

अनुष्का के अब तक के फिल्मी सफर को देखें तो एक बात गौर करने वाली यह भी है कि उन्होंने बॉलीवुड के तीनों खान के साथ काम करने का मौका हासिल कर लिया है। 'रब ने बना दी जोड़ी' में शाहरुख खान, 'पीके' में आमिर खान और अब 'सुल्तान' में सलमान खान के साथ बड़े पर्दे पर धमाल मचाने आ रही हैं। हालांकि असफलता के तौर पर अनुष्का की एक फिल्म 'बॉम्बे वेल्वेट' को उनके साथ जरूर जोड़ा जाएगा।

अफेयर को लेकर चर्चा में

मौजूदा समय में अनुष्का ऐसी एक्ट्रेस हैं, जो फिल्मों के साथ-साथ अपने अफेयर को लेकर भी हमेशा चर्चा में बनी रहती हैं। फिलहाल पिछले काफी समय से भारतीय क्रिकेट टीम के धुआंधार बल्लेबाज विराट कोहली के साथ उनका नाम जोड़ा जा रहा है। हालांकि बीच में दोनों के ब्रेकअप की खबरें भी काफी सुर्खियों में रहीं, मगर बाद में दोनों के एक साथ डिनर डेट करते नजर आने से एक बार फिर उनके प्यार की गरमा-गरमा चर्चा जारी है। देखते हैं दोनों का प्यार, शादी की मंजिल तक पहुंचता है या नहीं।