यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 07, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
US Election 2016: अंतिम क्षणों में ट्रंप और क्लिंटन ने झोंकी पूरी ताकत
दोनों के बीच मुकाबला नजदीकी माना जा रहा है लेकिन हिलेरी बढ़त बनाए हुए हैं। वह जीतीं तो नया इतिहास बनेगा।

वाशिंगटन, प्रेट्र । प्रचार के अंतिम क्षणों में भी हिलेरी क्लिंटन और डोनाल्ड ट्रंप एक-दूसरे पर व्यक्तिगत हमलों से नहीं चूके। ट्रंप ने जहां ईमेल का मुद्दा उछालकर हिलेरी को घेरा, वहीं हिलेरी ने ट्रंप के यौन आचरण पर सवाल उठाए। दोनों ने एक-दूसरे को व्हाइट हाउस के लिए नाकाबिल बताया। मतदान मंगलवार (आज) को होना है, परिणाम नौ नवंबर (बुधवार) को आएगा। दोनों के बीच मुकाबला नजदीकी माना जा रहा है लेकिन हिलेरी बढ़त बनाए हुए हैं। वह जीतीं तो नया इतिहास बनेगा। आजाद अमेरिका के 240 साल के इतिहास में राष्ट्रपति बनने वाली वह पहली महिला होंगी।
हाल के दशकों के अमेरिका के इस सबसे चर्चित चुनाव में पहली बार दोनों प्रमुख प्रत्याशियों ने एक-दूसरे पर निहायत व्यक्तिगत आक्षेप लगाए। प्रचार के दौर में निजी और परिजनों के आचरण और स्वास्थ्य को लेकर आक्षेप लगाए गए। आमने-सामने की बहस में ट्रंप ने हिलेरी को जेल तक भेजवाने की धमकी दे डाली। मतदान से ठीक पहले ईमेल मसले पर हिलेरी को एफबीआइ की क्लीन चिट ने जहां डेमोक्रेट प्रत्याशी को ताकत दी, वहीं रिपब्लिकन ट्रंप इस पर भड़क गए। उन्होंने हिलेरी को निर्दोष मानने से इन्कार कर दिया। ट्रंप का नारा- अमेरिका को फिर से महान बनाने का है जबकि हिलेरी का नारा- महिलाओं और अल्पसंख्यकों को साथ लेकर सबका विकास करने का है।
हिलेरी अपना अभियान सोमवार आधी रात नॉर्थ कैरोलिना में जनसभा करके पूरा किया जबकि ट्रंप अपनी आखिरी जनसभा मिशीगन में की। डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से टिम केन उप राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार हैं जबकि रिपब्लिकन पार्टी ने इस पद के लिए माइक पेंस को प्रत्याशी बनाया है। राष्ट्रपति पद के लिए लिबरटेरियन पार्टी ने गैरी जॉनसन को और ग्रीन पार्टी ने जिल स्टीन को मैदान में उतारा है, लेकिन दोनों ही मुकाबले से काफी दूर हैं।
भारत जा रही आइबीएम
चुनाव प्रचार के दौरान सोमवार को ट्रंप ने तकनीक क्षेत्र की दिग्गज कंपनी आइबीएम पर कामकाज भारत में स्थानांतारित करने का आरोप लगाया। कहा, कंपनी ने ऐसा कदम उठाया तो वह राष्ट्रपति बनने पर उसके उत्पादों पर 35 प्रतिशत का भारी टैक्स लगाएंगे जिससे उसे अपनी गलती का एहसास हो जाएगा।
ओबामा ने बड़ा जूता छोड़ा
हिलेरी क्लिंटन ने राष्ट्रपति बराक ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल को चुनाव प्रचार में खास सहयोग के लिए आभार जताया है। कहा है कि ओबामा ने अपने कार्यों से राष्ट्रपति पद से लोगों की अपेक्षाओं को बढ़ा दिया है। उन्होंने इतना बड़ा जूता छोड़ा है कि किसी को भी उसमें अपना पैर फिट करने में मुश्किल होगी। वह ओबामा की नीतियों के अनुरूप कार्य करने का प्रयास करेंगी।
यह ट्रंप का अमेरिका नहीं है
इराक युद्ध में जान गंवाने वाले पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी सैन्य अधिकारी हुमायूं खान के पिता खिज्र खान डोनाल्ड ट्रंप के बड़े विरोधियों में हैं। वह हिलेरी के लिए खुलकर प्रचार कर रहे हैं और हिलेरी भी मंचों से उनका और उनके बेटे का उदाहरण दे रही हैं। हिलेरी को जनता से मिल रहे समर्थन से उत्साहित खिज्र खान ने लोगों का शुक्रिया अदा किया है और कहा है कि निश्चित रूप से यह ट्रंप का अमेरिका नहीं है।
प्रमिला जीत के करीब
भारत में जन्मी प्रमिला जयपाल अमेरिकी कांग्रेस सीनेट में पहुंचने वाली पहली दक्षिण एशियाई महिला बन सकती हैं। वाशिंगटन सीट पर वह ब्रैडी पिंटो वॉकिंशा से मुकाबले में हैं जिन्हें वह प्राथमिक चुनाव में हरा चुकी हैं। अंतिम चुनाव के लिए जो संकेत मिल रहे हैं उसके अनुसार प्रमिला काफी आगे चल रही हैं।
