यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 09, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
MCD चुनाव: दिल्लीवासियों से इस धाकड़ अंदाज में की जाएगी वोटिंग की अपील
23 अप्रैल को प्रस्तावित नगर निगम चुनाव में मतदान फीसद बढ़ाने के लिए राज्य चुनाव आयोग ने अपने प्रयास सफल ...और पढ़ें

नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। नगर निगम चुनाव में दिल्लीवासियों को ज्यादा से ज्यादा मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए राज्य चुनाव आयोग इस बार सुपरहिट फिल्म 'दंगल' के पॉपुलर गाने धाकड़ है, धाकड़ है...लड़की धाकड़ है..की मदद लेगा। सोमवार से दिल्ली के हर एफएम व टीवी चैनल पर इस गीत की पैरोडी बजने भी लगेगी। यही नहीं, जाने-माने क्रिकेटर कपिल देव, गौतम गंभीर, युवा दिलों की धड़कन तापसी पन्नू, हुमार कुरैशी और मशहूर लेखक चेतन भगत मतदान की अपील करते नजर आएंगे।
दरअसल, 23 अप्रैल को प्रस्तावित नगर निगम चुनाव में मतदान फीसद बढ़ाने के लिए राज्य चुनाव आयोग ने अपने प्रयास सफल न होते देख अब एक निजी एजेंसी की सेवाएं ली हैं। इस एजेंसी ने अपना सारा कैंपेन फाइनल कर लिया है, जिस पर आयोग ने भी स्वीकृति की मुहर लगा दी है। सोमवार से कैंपेन की शुरुआत कर दी जाएगी। आधिकारिक सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 'दंगल' गाने की पैरोडी में लड़की शब्द की जगह वोटर कर दिया गया है। मतलब, धाकड़ है, धाकड़ है...वोटर धाकड़ है...।
इसी थीम के आधार पर हस्तियों से भी मतदान की अपील रिकॉर्ड करा ली गई है। इनकी फोटो के साथ मतदान अपील के होर्डिंग्स रेलवे स्टेशन, बस अड्डे व मेट्रो स्टेशन सहित दिल्ली के सभी प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएंगे। एफएम और न्यूज चैनलों पर भी अपील का प्रसारण होगा।
MCD चुनाव से जुड़ी खबरों के लिए क्लिक करें
जानिए पिछले चार नगर निगम चुनावों में कितना रहा था मतदान का फीसद
वर्ष व मतदान
1997 : 41 फीसद
2002 : 51 फीसद
2007 : 42.78 फीसद
2012 : 55 फीसद
अक्षय कुमार और प्रीति जिंटा ने तोड़ा दिल
राज्य चुनाव आयोग ने फिल्म स्टार अक्षय कुमार और प्रीति जिंटा को पत्र लिखकर मतदान की अपील करने के लिए गुजारिश की थी। पहले तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया, बाद में मना कर दिया।
मतदाता संख्या पर एक नजर
10 जनवरी, 2017 तक अपडेट की गई मतदाता सूची के अनुसार निगम चुनावों में कुल 1 करोड 32 लाख 10 हजार 206 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें पुरुष मतदाता 73 लाख 15 हजार 915 होंगे, जबकि महिला मतदाता 58 लाख 93 हजार 418। वहीं 793 मतदाता अन्य श्रेणी के होंगे।
दिल्लीवासियों को पसंद आएगा कैंपेन
राज्य चुनाव आयोग के आयुक्त एस के श्रीवास्तव का कहना है, ''जिसका काम उसी को साझे..। यही सोचकर हमने कैंपेन की जिम्मेदारी एजेंसी को सौंपी। कैंपेन भी अच्छा बन गया है। एक दो दिन में दिखाई भी देने लगेगा और सुनाई भी। उम्मीद है कि नगर निगम चुनाव में अधिकाधिक मतदान का हमारा प्रयास सफल होगा।''
