MCD चुनाव से एक हफ्ते पूर्व कांग्रेस फंसी, 500 कार्यकर्ता AAP में शामिल
एक ओर जहां दिल्ली नगर निगम चुनावों की सरगर्मियां तेज हैं, वहीं अनदेखी के चलते नेताओं का अपनों से नाराज होकर पार्टियां छोड़ने का सिलसिला भी निरंतर जारी है। इस कड़ी में कांग्रेस को झटका लगा है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। पूर्वी दिल्ली नगर निगम चुनावों की सरगर्मियां तेज हैं, मगर इसी बीच अनदेखी के चलते नेताओं का अपनों से नाराज होकर पार्टियां छोड़ने का सिलसिला भी निरंतर जारी है। कुछ ऐसा ही नजारा पांडव नगर और मुस्तफाबाद क्षेत्र से सामने आया।
मुस्तफाबाद में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष अजीम अहमद सहित 400 लोगों को आप प्रदेश अध्यक्ष दिलीप पांडेय और पांडव नगर में शरद दीक्षित सहित डेढ़ सौ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने आप की सदस्यता दिलाई। मनीष सिसोदिया ने सभी नए साथियों को शुभकामनाएं दीं।
शरद काफी वर्षों से कांग्रेस से जुड़े थे और विभिन्न पदों पर भी रहे हैं। टिकट कटने से आहत होने पर उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन को इस्तीफा भेज दिया था।
आम आदमी पार्टी की सदस्यता लेने वालों में शानू दीक्षित, मनीष शर्मा, हेमंत गांगिया, कुलदीप चौधरी, ब्रहम प्रकाश, विकास शर्मा, रश्मि शर्मा, योगेंद्र पाराशर, दीप्ती शर्मा, सविता गोयल, कुलदीप शर्मा, संजय होलकर आदि शामिल रहे।
मुस्तफाबाद से अजीम अहमद को आप नेता हाजी मोहम्मद यूनुस और मास्टर शेर मोहम्मद की अगुवाई में दिलीप पांडेय द्वारा सदस्यता दिलाई गई।
इनमें कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अजीम अहमद, प्रदेश सचिव हाजी हशमुद्दीन सैफी, जिला महासचिव निसार सैफी, उपाध्यक्ष सईद वाहिद अली, महासचिव इसरार मालिक सहित एआइएमआइएम विधानसभा प्रभारी अरशद प्रधान भी शामिल रहे।