Lok Sabha Elections 2019: गुजरात की सभी सीटों पर प्रचार करेंगे महाराष्ट्र के जादूगर
Lok Sabha Elections 2019. लोकसभा चुनाव 2019 के लिए महाराष्ट्र के जादूगर गुजरात की सभी सीटों पर प्रचार करेंगे।
अहमदाबाद, जेएनएन। देशभर में भाजपा के तारणहार वैसे तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह हैं, लेकिन गुजरात भाजपा एक बार फिर जादूगरों के भरोसे मैदान में है। भाजपा ने हर लोकसभा में दो जादूगरों को चुना प्रचार का जिम्मा सौंपा है। महाराष्ट्र से आए 52 जादूगर गुजरात की सभी 26 सीटों पर प्रचार करेंगे।
भाजपा ने केंद्र व गुजरात सरकार के कामकाज व पार्टी की नीतियों को घर-घर पहुंचाने के लिए महाराष्ट्र के जादूगरों को बुलाया है। हर लोकसभा क्षेत्र में दो जादूगर अपने जादुई अंदाज से भाजपा का प्रचार-प्रसार करेंगे। ये जादूगर पीएम मोदी, केंद्र व गुजरात सरकार की उपलब्धियां जनता को बताएंगे। भाजपा ने गत विधानसभा चुनाव में भी इसी तरीके को अपनाया था।
जादू की कला के प्रति महिला-पुरुषों में काफी रुचि व जिज्ञासा होती है। भाजपा इसी जिज्ञासा का लाभ उठाकर अपना प्रचार करना चाहती है। इसके अलावा भाजपा ने एलईडी सुसज्जित रथ भी गांव-गांव भेजे हैं। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुने हुए भाषण के वीडियो व केंद्र सरकार की विविध योजनाओं की जानकारी दी गई है।