विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 16, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Exit Polls: बंगाल में फिर ममता अौर असम में खिलेगा कमल

By Sanjeev TiwariEdited By:
Published: Mon, 16 May 2016 06:06 PM (IST)Updated: Mon, 16 May 2016 11:00 PM (IST)

एक्जिट पोल पर यदि भरोसा किया जाए तो असम में भाजपा की सरकार बन रही है। अौर पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की पुनः सरकार बन रही है।

News Article Hero Image

नई दिल्ली, आइएएनएस, प्रेट्र। पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के विभिन्न टीवी चैनलों पर दिखाए गए एग्जिट पोल के नतीजों में ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में जबरदस्त जनसमर्थन से लगातार दूसरी बार सत्ता संभालने जा रही हैं। हालांकि वास्तविक स्थिति तो 19 मई को मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगी लेकिन सोमवार को दिखाए गए एग्जिट पोल के आंकड़ों में बताया गया कि पश्चिम बंगाल में वामदलों के साथ कांग्रेस का गठजोड़ निष्प्रभावी नजर आया। तृणमूल कांग्रेस 294 सदस्यीय विधानसभा में 163 से अधिक सीटें जीत सकती है।

असम में कांग्रेस के लगातार 15 साल से चल रहे वर्चस्व को समाप्त कर पहली बार भाजपा का कमल खिलने के आसार बन गए। विधानसभा की 126 में से 79 से 93 सीटें उसके खाते में जा सकती हैं। भाजपा ने पूर्वोत्तर में अपने बढ़ते जनाधार का परिचय 2014 के लोकसभा चुनाव में दिया था जब असम की 14 में से सात सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की थी।

तमिलनाडु में भारी भरकम लोक लुभावन घोषणाओं के बावजूद मतदाताओं पर जयललिता अपेक्षित प्रभाव नहीं डाल पाई। वहां करूणानिधि के द्रमुक और कांग्रेस का गठबंधन सत्ता प्राप्त कर सकता है। उसे विधानसभा की 234 में से 114 से 118 सीटें मिल सकती हैं। अन्नाद्रमुक के सौ से कम सीटों पर सिमटने की संभावना है।

केरल में ओमन चांडी कांग्रेस की नैया पार करवाते नहीं दिखाई दे रहे, वहां लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट 74 से 82 सीटें लेकर सत्त्ता पर काबिज हो सकता है। इस राज्य में भाजपा का किसी विधानसभा या लोकसभा चुनाव में खाता नहीं खुला था लेकिन इस बार उसे एक या दो सीटें मिलने की संभावना नजर आ रही है। 93 वर्षीय माकपा नेता अच्युतानंदन मुख्यमंत्री की दौड़ में शामिल हो सकते हैं।

पुडुचेरी में डीएमके के नेतृत्व में कांग्रेस व अन्य दलों का गठबंधन 30 में से 15 से 21 तक सीटें जीत कर सत्ता की दहलीज पर पहुंच सकता है। सत्ताधारी ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस को आठ से 12 सीटें मिलने की संभावना है। अन्नाद्रमुक एक से चार सीटें जीत सकती है।

जानिए किस राज्य में किसकी सरकार बन रही है

पश्चिम बंगाल- 294 सीट

एक्सिस-माइ इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक टीएमसी को 233 से 253 सीटें, लेफ्ट को 38 से 51 सीटें

बीजेपी को 1 से 5 सीटें, अन्य को 2 से 5 सीटें मिलने का अनुमान है।

टाइम्स नाऊ व सी वोटर के मुताबिक पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को 171 सीट, कांग्रेस को 49, सीपीएम गठबंधन को 79, भाजपा को 6 सीट मिलने का अनुमान है।

असम- 126 सीट

एबीपी न्यूज के मुताबिक असम में कांग्रेस को 33, भाजपा गठबंधन को 81, एआईयूडीएफ को 10 और अन्य दलों को 2 सीटें मिलने के आसार हैं। एबीपी के मुताबिक असम में भाजपा बहुमत के साथ सरकार बना सकती है।

इंडिया टुडे-एक्सिस के मुताबिक, असम में भाजपा गठबंधन को 79 से 93 तक सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस को 26 से 33 सीटें मिलने का अनुमान । यूडीएफ को 6 से 10 सीटें और अन्य दलों को 1 से 4 सीटें मिलने का अनुमान है।

टाइम्स नाउ/सी-वोटरः असम में भाजपा गठबंधन को 61 सीटें, कांग्रेस को 45 और एआईयूडीएफ को 22 सीटें।

तमिलनाडु- 234 सीट

एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक तमिलनाडु में एआईडीएमके को 89 से 101 सीटें, डीएमके को 124 से 140 सीटें, भाजपा को 0 से 3 और अन्य को 4 से 8 सीटें मिलने का अनुमान है।

केरल- 140 सीट

इंडिया टुडे के एग्जिट पोल के मुताबिक केरल में यूडीएफ को 38 से 48, एलडीएफ को 88 से 101, भाजपा गठबंधन को 0 से 3 और अन्य दलों को 1 से 4 सीटें मिल सकती हैं।

पुडुचेरी की 30

पुडुचेरी में कांग्रेस+ डीएमके को 14 सीट, एअाईएडीएमके को 5सीट, एअाईएलअारसी को 9 सीट तथा अन्य को 2 सीट मिलने की संभावना बताई जा रही है।

पढ़ेंः तमिलनाडु, केरल अौर पुडुचेरी में भारी मतदान, नतीजे 19 को