एक और पुरस्कार और एक और विवाद। राज्य सरकार ने वर्ष 2016 के लिए 54 विभूतियों को यशभारती पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। रंगमंच, टीवी व फिल्म के कलाकार, खिलाड़ी, पर्वतारोही, शिक्षक, साहित्यकार, डॉक्टर, सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार व लेखकों की इस सूची में बॉलीवुड कलाकार नसीरुद्दीन शाह, क्रिकेट खिलाड़ी प्रवीन कुमार व भुवनेश्वर, शास्त्रीय संगीत में वाराणसी के पं. विश्वनाथ और पैरा ओलंपिक खिलाड़ी वरुण कुमार भी शामिल हैं। इन हस्तियों को ११ लाख रुपये पुरस्कार राशि के साथ 50 हजार रुपये मासिक पेंशन भी मिलेगी। 27 अक्टूबर को मुख्यमंत्री लोकभवन में यह पुरस्कार प्रदान करेंगे। चिकित्सा विवि सैफई के चिकित्सक और पैसों का ऑनलाइन लेन-देन करने वाली एक निजी कंपनी के सीईओ को भी यशभारती पुरस्कार से नवाजा गया है। इसमें संशय नहीं कि 'यशभारती' उत्तर प्रदेश का सर्वप्रतिष्ठित पुरस्कार है। यह भी स्थापित तथ्य है कि किसी भी प्रकार के पुरस्कार एवं सम्मान की महत्ता का मूल्यांकन धनराशि से कतई नहीं मापा जा सकता बल्कि मंतव्य और सरोकारों से उसकी महत्ता जाहिर होती है। दूसरी ओर किसी भी पुरस्कार और सम्मान के साथ विवादों का नाता भी पुराना है। चाहे वह पद्म सम्मान हो या फिर यशभारती ही क्यों न हो।

सोशल मीडिया पर यशभारती पुरस्कारों की सूची को लेकर एक संदेश इन दिनों वायरल है। इस संदेश में दावा किया जा रहा है कि यूपी सरकार ने वोट बैंक के लिए धार्मिक और जातीय आधार पर यश भारती सम्मान बांटे हैं। हालांकि हकीकत में ऐसा नहीं है। इस सूची में जहां एक तरफ रंगमंच की हस्ती डॉ. अनिल रस्तोगी हैं तो गायक अनूप जलोटा भी शामिल हैं। चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. राकेश कपूर का नाम है तो पुरस्कार और सम्मान से ऊपर उठ चुके शायर बेकल उत्साही भी हैं। पुरस्कारों को विवाद का विषय बनाने वालों को विचार करना चाहिए कि इस बहाने वे किस पर निशाना साध रहे हैं? सरकार पर या सम्मान पाने वाली हस्ती पर? जिन्हें यह सम्मान मिलना है, उनकी काबिलियत किसी सरकारी पहचान की मोहताज नहीं। वे तो अपने अथक परिश्रम और साधना के बल पर पहले ही ऊंचाई पर पहुंच चुके हैं। ऐसे में पुरस्कारों को वितंडावाद का विषय बनाना कतई उचित नहीं कहा जा सकता। बेहतर होगा कि पुरस्कार और सम्मानों को हम विवादों के दायरे से बाहर रखने की आदत डालें। सम्मानित का सम्मान करना बड़ी बात है।

[ स्थानीय संपादकीय : उत्तर प्रदेश ]