भारत रत्न सम्मान के बारे में सबसे अच्छी उक्ति भारत के पहले शिक्षा मंत्री अबुल कलाम आजाद की नजर आती है। जब उन्हें भारत का यह सबसे बड़ा राष्ट्रीय सम्मान देने के लिए चुना गया और इसकी घोषणा कर दी गई तो आजाद ने उसे स्वीकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति भारत रत्न चयन समिति में रहता आया हो उसे यह पुरस्कार नहीं मिलना चाहिए। इस तर्क का विस्तार यह है कि जो आदमी सरकार चला रहा हो उसे स्वयं यह सम्मान लेने से बचना चाहिए। अपने आप को तो कोई व्यक्ति कोई भी पुरस्कार दे सकता है। यह मामूली-सी बात जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी की समझ में नहीं आई। नियमानुसार भारत रत्‍‌न के लिए नाम प्रधानमंत्री द्वारा प्रस्तावित किया जाता है और राष्ट्रपति द्वारा स्वीकृत किया जाता है। मंत्रिमंडल की भी इसमें कोई भूमिका नहीं है। इसके बावजूद जब नेहरू (1955) और इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री के पद पर थीं तो उन्होंने अपने आप को भारत रत्‍‌न की उपाधि से विभूषित करने का नैतिक साहस दिखाया। भारत रत्‍‌न की फिलॉसफी का इससे बढ़कर कोई और अपमान नहीं हो सकता। यह कुछ ऐसी ही बात है जैसे साहित्य अकादमी पुरस्कार के लिए गठित समिति अपने ही किसी सदस्य को अकादमी पुरस्कार दे डाले। वैसे, जवाहरलाल नेहरू ने इससे भी बढ़कर एक और काम किया था। उन्होंने अपने ही मंत्रिमंडल में अपनी बेटी को शामिल कर लिया था। भारतीय राजनीति में परिवारवाद का इतिहास कभी लिखा गया तो शायद उसका पहला अध्याय इसी घटना पर केंद्रित होगा।

भारत रत्‍‌न से संबंधित दूसरी सबसे विचित्र घटना यह नजर आती है कि यह सम्मान दो विदेशियों नेल्सन मंडेला और खान अब्दुल गफ्फार खां को प्रदान किया गया है। ये दोनों ही व्यक्ति हमारे समय की बड़ी विभूतियों में हैं और उनके लिए भारत रत्‍‌न कोई महान उपलब्धि नहीं है, लेकिन यह बात कम से कम मेरी समझ में तो नहीं आती कि नेल्सन मंडेला को किस तर्क से भारत का रत्‍‌न कहा जा सकता है। किसी विदेशी नागरिक का सम्मान करने के लिए और भी अनेक तरीके हैं, पर किसी रत्‍‌न पर विचार करते समय यह तो देखा ही जाएगा कि वह भारत का रत्‍‌न है या किसी और देश का या विश्वभर का। भारत रत्‍‌न तो भारत का ही कोई आदमी हो सकता है। अगर कोई इतनी-सी हिंदी न जानता हो तो भारत रत्‍‌न का सम्मान सबसे पहले उसी को दिया जाना चाहिए। भारत में ऐसे रत्‍‌नों की कमी नहीं है। भारत रत्‍‌न की तीसरी विडंबना यह है कि यह मूलत: जिनके लिए बना था उन्हें तो कभी-कभार ही याद किया जाता है और जिस वर्ग को इस पुरस्कार के लिए सबसे अंत में चुना गया है, उसे सबसे च्यादा मिला है। नियमानुसार यह सम्मान कला, साहित्य और विज्ञान की प्रगति में उत्कृष्टतम सेवा तथा उच्चतम स्तर की जन सेवा को मान्यता प्रदान करने के लिए दिया जाना चाहिए, लेकिन अभी तक साहित्य के क्षेत्र में किसी को भी भारत रत्‍‌न घोषित नहीं किया गया है। कला के क्षेत्र में छह व्यक्तियों को और विज्ञान के क्षेत्र में दो व्यक्तियों को दिया गया है। सबसे बड़ा हिस्सा, जिसे अंग्रेजी में शेर का हिस्सा कहा जाता है, राजनेताओं को मिला है। वर्ग स्वार्थ का यह निकृष्टतम उदाहरण है। इससे पता चलता है कि भारत के राजनीतिक जहन में कला और साहित्य के लिए कितनी जगह है। उसकी दृष्टि में राजनीतिक सफलता ही 'उच्चतम स्तर की जन सेवा' है। जब एक खास वर्ग के सेवक ही तय करने लगें कि कौन-सी सेवा उच्च स्तर की है और कौन-सी निम्न स्तर की, तब अन्य वगरें की सेवाओं का मूल्य निर्धारण करने के लिए क्या आसमान से फरिश्ते आएंगे?

चौथी बात यह है कि जिन राजनेताओं को भारत रत्‍‌न की उपाधि दी गई है वे सभी सत्तारूढ़ दल के थे। किसी भी सरकार ने विपक्ष के किसी कद्दावर व्यक्ति को यह सम्मान नहीं दिया। राममनोहर लोहिया और आचार्य कृपलानी निश्चित रूप से भारत के रत्‍‌न थे, लेकिन वे विपक्ष में थे, इसलिए कांग्रेस सरकार की नजर में वे पत्थर के टुकड़े थे। जयप्रकाश नारायण को यह सम्मान इसलिए मिला कि उस समय जनता दल की सरकार थी। डॉ. अंबेडकर किसी से कम भारत सेवी नहीं थे, लेकिन उन्हें कांग्रेस ने कभी अपना नहीं माना। अंबेडकर को भारत रत्‍‌न से तब जाकर नवाजा गया, जब विपक्ष की सरकार थी और सामाजिक न्याय का शोर था। मोरारजी देसाई सहित कुछ नेताओं को ऐसी ही परिस्थितियों में यानी जब केंद्र में विपक्ष की सरकार थी, यह सम्मान मिला। एमजी रामचंद्रन को उनकी कला के लिए भारत रत्‍‌न नहीं दिया गया, बल्कि इसलिए दिया गया, क्योंकि वह कांग्रेस के सहचर थे। किसी भी गैरकांग्रेसी सरकार ने कांग्रेस के किसी नेता को और किसी भी कांग्रेस सरकार ने किसी गैरकांग्रेसी नेता को यह उपाधि नहीं दी गई।

ऐसा लगता नहीं कि भारत रत्‍‌न नाम की कोई चीज होनी चाहिए, बल्कि पद्म अलंकरण भी हटा दिए जाने चाहिए। लेकिन यह अवधारणा किसी को अच्छी लगती हो तो इसके चयन मंडल पर जरूर विचार किया जाना चाहिए। भारत रत्‍‌न का चयन करने के लिए एक ऐसी समिति होनी चाहिए जिसे तत्कालीन सरकार प्रभावित न कर सके, लेकिन कोई भी सरकार इसे कैसे बर्दाश्त कर सकती है? इसके अलावा हमारे यहां निष्पक्ष विचार रखने वालों व्यक्तियों की कमी है, जिनकी साख हो। अत: ऐसी कोई समिति गठिन करना आसान नहीं है। इसलिए सबसे अच्छा यही होगा कि भारत रत्‍‌न खोजने की परंपरा को ही समाप्त कर दिया जाए। कांग्रेस के जिस स्तर के नेताओं को भारत रत्‍‌न के लिए चुना गया है, अटल बिहारी वाजपेयी की योग्यता उनसे कम नहीं है, लेकिन किसी को यह बात क्यों याद नहीं आ रही है कि जिस सरकार में वाजपेयी विदेश मंत्री थे, उस सरकार ने ही भारत रत्‍‌न बंद कर दिया था। इसीलिए 1977, 1978 और 1979 में किसी को भी भारत रत्‍‌न नहीं दिया गया। बावजूद इसके वाजपेयी के प्रशंसक और समर्थक ही अपने नेता के लिए भारत रत्‍‌न की मांग कर रहे हैं। सुनते हैं, जन स्मृति क्षीण होती है। राजनेताओं की स्मृति भी इसी कोटि में आती है, इसका अहसास नहीं था।

[लेखक राजकिशोर, वरिष्ठ पत्रकार हैं]

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर