डेंगू पर सरकार नाकाम कांग्रेस संभालेगी कमान- माकन
डेंगू रोकने में दिल्ली सरकार और नगर निगमों को नाकाम बताते हुए कांग्रेस ने डेंगू उन्मूलन अभियान शुरू किया है। इसे सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने पूरी दिल्ली में 50 दस्ते उतारे है। प्रत्येक दस्ते को फोगिंग मशीन भी दी गई है।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। डेंगू रोकने में दिल्ली सरकार और नगर निगमों को नाकाम बताते हुए कांग्रेस ने डेंगू उन्मूलन अभियान शुरू किया है। इसे सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने पूरी दिल्ली में 50 दस्ते उतारे है। प्रत्येक दस्ते को फोगिंग मशीन भी दी गई है।
फोगिंग के बाद डेंगू पीडि़तों की सहायता के लिए रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। अभियान के अंतिम चरण में डेंगू के बारे में लोगों को जागरूक करने के साथ ही जल भराव वाले स्थानों की जांच की जाएगी।
अजय माकन ने की अभियान की शुरूआत
मंगलवार को अभियान की शुरुआत दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने की। इस दौरान उन्हों ने कहा कि दिल्ली सरकार और दिल्ली के तीनों नगर निगम डेंगू के रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठाने में विफल रहे हैं। इसी को देखते हुए कांग्रेस ने सामाजिक दायित्व निभाते हुए डेंगू उन्मूलन अभियान शुरू किया है।
दिल्ली के स्कूलों में लगेगी डेंगू से बचाव की भी पाठशाला
माकन ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार के इस साल के बजट में 81.40 करोड़ रुपये डेंगू व मलेरिया की रोकथाम के लिए तीनो नगर निगमों को देने का प्रावधान था। इसमें से नगर निगम उत्तरी को 37.22 करोड़ रुपये मिलने थे परंतु अभी तक सिर्फ 9.30 करोड़ रुपये दिए गए हैं। नगर निगम दक्षिणी को 28.42 करोड़ रुपये में से केवल 7.10 करोड़ रुपये मिले है। वहीं, पूर्वी दिल्ली नगर निगम को 15.88 करोड़ रुपये मिलने थे परंतु अभी तक एक रुपया भी नही दिया गया। उन्होंने दावा किया कि 17 सितंबर को प्रदेश कांग्रेस द्वारा प्रदर्शन करने के बाद दिल्ली सरकार ने नगर निगम दक्षिणी को 7.10 करोड़ दिए। फंड की कमी से डेंगू के रोकथाम का काम बाधित हो रहा है। इसलिए सरकार अविलंब बजट के अनुसार फंड आवंटित करे।
डेंगू से कैसे बचें और दिल्ली सरकार ने अब तक क्या किया...जरूर पढ़ें
सीएम ने नहीं दिया पत्र का जवाब
उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री की शपथ लेने के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि वे विभिन्न मुद्दों पर माकन व किरण बेदी की सलाह लेंगे और अपने अहम को त्याग कर कार्य करेंगे। लेकिन डेंगू व अन्य विषयों पर मुख्यमंत्री को लिखे गए कई पत्रों में से आज किसी का जवाब नहीं दिया गया।