यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 23, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दिल्ली में जारी है डेंगू व चिकनगुनिया का कहर, 2 लोगों की मौत
सफदरजंग अस्पताल में चिकनगुनिया व डेंगू से दो लोगों की मौत का मामला सामने आया है। दोनों दक्षिणी दिल्ली के रहने वाले थे।

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। सफदरजंग अस्पताल में चिकनगुनिया व डेंगू से दो लोगों की मौत का मामला सामने आया है। दोनों दक्षिणी दिल्ली के रहने वाले थे। चिकनगुनिया ने एक बार फिर बुजुर्ग को निशाना बनाया है। वहीं डेंगू से पांच वर्षीय बच्चे की मौत हुई है।
सफदरजंग अस्पताल प्रशासन के अनुसार ईस्ट ऑफ कैलाश में रहने वाला कृष्ण (5) इलाज के लिए 19 सितंबर को अस्पताल में लाया गया था, उसी दिन उसकी मौत हो गई। उसकी डेंगू से मौत होने की पुष्टि हुई है। ओखला निवासी जमीर अहमद (67) को 9 सितंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में चिकनगुनिया की पुष्टि हुई थी। 19 सितंबर को उनकी मौत हो गई। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके रॉय ने बताया कि उन्हें अनियंत्रित मधुमेह था। इसके चलते उनकी किडनी में भी परेशानी थी।
तस्वीरों में देखिए मच्छर नाशक ट्रेन
दिल्ली में चिकनगुनिया से मौत के 17 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से ज्यादातर बुजुर्ग हैं। सभी मरीज किसी न किसी पुरानी बीमारी से पीड़ित थे। सिर्फ चिकनगुनिया के चलते किसी मरीज की मौत नहीं हुई है। सफदरजंग में डेंगू से बच्चे की मौत का मामला सामने आने के बाद इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। हालांकि नगर निगम ने अब तक सिर्फ चार लोगों की डेंगू से मौत होने की पुष्टि की है।
