सोमनाथ भारती मामले पर 'आप' ने दिए कड़े संकेत
आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमनाथ भारती मामले पर कड़े संकेत दे दिए हैं। पार्टी के दिल्ली संयोजक दिलीप पांडेय ने साफ कर दिया है कि पार्टी में अनुशासन सभी के लिए अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि सोमवार रात तक भारती सरेंडर नहीं करते हैं कि तो पार्टी उनके खिलाफ
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमनाथ भारती मामले पर कड़े संकेत दे दिए हैं। पार्टी के दिल्ली संयोजक दिलीप पांडेय ने साफ कर दिया है कि पार्टी में अनुशासन सभी के लिए अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि सोमवार रात तक भारती सरेंडर नहीं करते हैं कि तो पार्टी उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
पांडेय ने कहा कि भारती को कई बार कहा जा चुका है कि वह सरेंडर करें। पांडेय ने उम्मीद जताई कि सोमनाथ सोमवार रात तक सरेंडर कर देंगे।
आशुतोष का ट्वीट
'आप' पार्टी के नेता आशुतोष ने ट्वीट किया कि सोमनाथ भारती को सरेंडर कर देना चाहिए। वहीं पार्टी के नेता संजय सिंह ने भी कहा कि भारती तुरंत सरेंडर करें। उन्होंने कहा कि वह क्यों डर रहे हैं, यह समझ में नहीं आ रहा है। हम ऐसी पार्टी के लोग हैं जिन्हें जेल जाने से नहीं डरना चाहिए।
मालीवाल ने कहा कोर्ट का सम्मान करें भारती
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालिवाल ने कहा कि सोमनाथ भारती को अदालत का सम्मान करते हुए तुरंत सरेंडर कर देना चाहिए।
केजरीवाल भी कर चुके हैं ट्वीट
कुछ दिन पहले ही पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया था कि सोमनाथ भारती को सरेंडर कर देना चाहिए। केजरीवाल की बात को नजरअंदाज करते हुए सोमनाथ भारती ने सरेंडर नहीं किया।
पार्टी में चर्चा
सोमनाथ प्रकरण के बाद से पार्टी में इस बात की चर्चा हो रही है कि क्या पार्टी में अब ऐसा भी होगा कि कोई अरविंद केजरीवाल की बात नहीं मानेगा। पार्टी के रणनीतिकारों के मुताबिक जिस समय केजरीवाल ने सरेंडर करने के लिए ट्वीट किया था उसी समय सोमनाथ को सरेंडर कर देना चाहिए था। सोमनाथ के ऐसा करने से पार्टी में उनका कद बढ़ता और केजरीवाल के सामने भी एक आदर्श स्थिति प्रस्तुत कर सकते थे।
सोमनाथ ने बढ़ाई सीएम की नाराजगी
सूत्रों का कहना है कि पार्टी में यह बात सर्वमान्य है कि भले ही पार्टी को खड़ा करने में सभी का योगदान है, मगर पार्टी के एक मात्र नेता अरविंद केजरीवाल ही हैं। उनकी बात नहीं मानने का मतलब सभी को समझ लेना चाहिए। फिलहाल इस मुद्दे पर कोई कुछ नहीं बोल रहा है लेकिन संकेत साफ है कि सोमनाथ ने पार्टी के सामने जो स्थिति खड़ी कर दी है उसकी वजह से न केवल पार्टी के कार्यकर्ता बल्कि खुद अरविंद केजरीवाल भी नाराज है।
सरकार ने कहा कि नहीं मिला सोमनाथ के वकील का पत्र
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से जब सोमनाथ भारती के वकील द्वारा लिखे गए पत्र के बारे में पूंछा गया तो उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से पहले की कहा जा चुका है कि इस तरह का कोई पत्र प्राप्त नहीं हुआ है।