OMG! 37 किलोग्राम वाले गुरमीत के शरीर से निकला 55 KG का ट्यूमर
सिर्फ 37 किलोग्राम वजन वाले पंजाब के गुरमीत सिंह के शरीर से ऑपरेशन के बाद 55 किलो का ट्यूमर निकला है। ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर भी इतने अधिक वजन वाले कैंसर ट्यूमर पर हैरानी जता रहे हैं।
नई दिल्ली। सिर्फ 37 किलोग्राम वजन वाले पंजाब के गुरमीत सिंह के शरीर से ऑपरेशन के बाद 55 किलो का ट्यूमर निकला है। ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर भी इतने अधिक वजन वाले कैंसर ट्यूमर पर हैरानी जता रहे हैं।
7 साल से था कैंसर सरकोमा
गुरमीत सिंह सात साल से हड्डियों के कैंसर सरकोमा से पीड़ित था। कैंसर की बीमारी तेजी से फैलती है। यदि शुरुआती चरण में ही इसका इलाज नहीं हुआ तो मरीज की मौत भी हो सकती थी। हालांकि, गुरमीत जिंदगी की जंग जीतने में कामयाब रहा।
चल-फिर नहीं पाता था गुरमीत
शरीर में 55 किलोग्राम का कैंसर ट्यूमर होने के चलते गुरमीत का चलना-फिरना भी दूभर हो गया था। दायें पैर की हड्डी में हुआ कैंसर का ट्यूमर इतना बड़ा हो गया था कि उसके बोझ से युवक खड़ा तक नहीं हो पाता था।
साकेत स्थित मैक्स अस्पताल के डॉक्टरों ने पैर काटकर उसके शरीर से 55 किलोग्राम का ट्यूमर निकाला है। ट्यूमर का भार युवक के वजन से भी अधिक है।
ट्यूमर बड़ा होने के चलते उसकी नसें मोटी हो गई थीं। इस वजह से सर्जरी करने के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव और मौत होने का खतरा था। इसके अलावा, ट्यूमर जांघ की हड्डियों से लेकर कुल्हे की एक हड्डी तक पहुंच गया था।
21 अक्टूबर को हुई थी सर्जरी
19 अक्टूबर को वह पंजाब के जालंधर से इलाज के लिए दिल्ली के मैक्स अस्पताल पहुंचा था। 21 अक्टूबर को उसकी सर्जरी हुई। ट्यूमर को निकालने के लिए दायें पैर के घुटने से नीचे का हिस्सा काटना पड़ा। इसके अलावा कुल्हे की एक हड्डी को भी निकालना पड़ा।
डॉ. पांडेय ने कहा कि घुटने के नीचे काटे गए पैर और ट्यूमर को मिलाकर कुल वजन 59.5 किलोग्राम था। पैर के हिस्से को अलग करने के बाद ट्यूमर का वजन 55 किलोग्राम निकला, जबकि सर्जरी के बाद उसके शरीर का वजन सिर्फ 37 किलोग्राम है।
उन्होंने कहा कि बायोप्सी जांच में पता चला कि ट्यूमर कैंसर वाला था। यह आश्चर्यजनक है कि इतने सालों ट्यूमर होने के बावजूद युवक सुरक्षित रहा। सर्जरी के बाद उसके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। उसे वॉकर के सहारे घुमाया जा रहा है।