यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 07, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जानिये, आखिर दिल्ली-NCR के लोगों को कब मिलेगी प्रदूषण से राहत ?
दिल्ली-एनसीआर में जहां एक ओर वायु प्रदूषण का स्तर खतरनाक हो चुका है वहीं, आज स्थिति में सुधार की बात भी कही जा रही है।

नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली-एनसीआर में जहां एक ओर वायु प्रदूषण का स्तर खतरनाक हो चुका है वहीं, आज स्थिति में सुधार की बात भी कही जा रही है। मौसम विभाग के एक अधिकारी की मानें तो आज देर रात तक हवा चलने की संभावना है।
अधिकारी का कहना है कि हवा अगर 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी तो ही स्मॉग से राहत मिलना तय है, हालांकि, इसमें थोड़ा समय लगेगा। हवा चली तो प्रदूषण से तो राहत मिलेगी ही साथ ही विजीबिलिटी भी बेहतर होगी।
दिल्ली की तुलना 1952 के लंदन के 'ग्रेट स्मॉग' से, 4000 लोगों की हुई थी मौत
यहां पर याद दिला दें कि दीपावली की रात से छाया स्मॉम एक सप्ताह बाद भी बरकरार है। इस कड़ी में दिल्ली-एनसीआर आज भी धुंध और धुंए की चादर में लिपटा हुआ है। इससे सांसों में घुला जहर दिल्ली-एनसीआर के तमाम लोगों की सेहत पर भारी पड़ रहा है। आलम यह है कि खुली हवा में सांस लेना तक दूभर हो गया है।
वहीं दिल्ली के उप-राज्यपाल नजीब जंग ने भी बैठक बुलाई है। आदेश दिया गया है कि नोएडा-ग्रेटर नोएडा के स्कूल मंगलवार तक बंद रखे जाएंगे। कई स्कूल बच्चों से मास्क लगा कर आने को कह रहे हैं।
वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पिछले कई दिनों से राजधानी में फैले हुए खतरनाक प्रदूषण पर लगाम के लिए कुछ अहम फैसलों की जानकारी दी है।
दिल्ली में आज से तीन दिन तक के लिए सभी स्कूल बंद रहेंगे। कल से दिल्ली की सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जाएगा। अगले पांच दिनों के लिए दिल्ली में निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई है. साथ ही डिमॉलिशन (ढहाने) पर भी रोक लगा दी गई है।
