महाजाम पर शुरू हुआ सियासत का महासंग्राम, AAP और कांग्रेस ने BJP को घेरा
एक तरफ जहां बारिश ने साइबर सिटी गुड़गांव की रफ्तार पर ब्रेक लगा दी वहीं, दूसरी तरफ मौका न गंवाते हुए नेता इस मुद्दे पर सियासत करने से भी नहीं चूके।
गुुड़गांव [जेएनएन]। बारिश ने साइबर सिटी की रफ्तार को जकड़ लिया है। लगातार बारिश की वजह से गुरुवार को लगा ट्रैफिक जाम शुक्रवार रात तक धीमी रफ्तार से हटा और यातायात व्यवस्था पटरी पर आ सकी। लगभग 24 घंटों तक बारिश और ट्रैफिक जाम में फंसे शहर में एक तरफ आम आदमी को परेशानियों का सामना करना पड़ा तो वहीं, इस पर सियासत भी शुरू हो गई।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने गुड़गांव जाम को लेकर सीधे केंद्र और भाजपा नेतृत्व वाली राज्य सरकार पर निशाना साधा है। तो वहीं, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने इस मुश्किल वक्त में दिल्ली सरकार के रवैये पर नाराजगी जाहिर की।
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने ट्वीट किया, 'बीजेपी ने जैसे ही ठीकरा दूसरों के सिर पर फोड़ा और गुड़गांव जाम हो गया। आवाजाही करने वालों के लिए कितनी परेशानी का वक्त है, खास तौर पर जाम में घंटों फंसे ऐम्बुलेंस के लिए।'
दिल्ली-NCR में बारिश का कहर, साइबर सिटी बेहाल, रुक गई दिल्ली की रफ्तार
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी गुड़गांव जाम पर केंद्र सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, 'गुड़गांव का नाम गुरुग्राम रखने से विकास नहीं होता। विकास के लिए योजनाएं बनाना और उनपर अमल करना ज़रूरी होता है। जुमलों से जाम नहीं खुलेगा।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने केजरीवाल सरकार पर पलटवार किया। उन्होंने कहा, 'जाम से हरियाणा की जनता परेशान है। केजरीवाल सरकार के रवैये ने फ्रस्टेट कर दिया है। दिल्ली की सरकार से हमें पूरा सहयोग नहीं मिल रहा है।'
तस्वीरों में देखें बारिश में फंसे गुड़गांव का हाल
बता दें कि गुरूवार को गुड़गांव की सभी प्रमुख सड़कें दिल्ली-जयपुर हाइवे, हीरो होंडा चौक, एनएच 8 पर जाम की वजह से ट्रैफिक ठप हो गया। भूख, प्यास और थकान से बेहाल लोगों को पूरी रात सड़क पर गुजारनी पड़ी। जाम की परेशानी के कारण गुड़गांव के सभी स्कूल बंद कर दिए गए।
जाम के कारण नाइट शिफ्ट वाले ऑफिस नहीं पहुंच पाए। शाम की शिफ्ट करने वाले ऑफिस से घर नहीं पहुंच पाए। हालात ये बने कि ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली से गुड़गांव नहीं जाने की सलाह तक दे डाली है।
गुड़गांव के महाजाम में नपे पुलिस कमिश्नर, मुख्य सचिव की आपात बैठक