यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 09, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डीयू बनाएगा आठ ऑफलाइन आवेदन केंद्र
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में स्नातक की 54 हजार सीटों के लिए छात्र जून म

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में स्नातक की 54 हजार सीटों के लिए छात्र जून में शुरू होने वाली ऑनलाइन व ऑफलाइन प्रक्रिया के अंतर्गत दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं। कॉमन प्री एडमिशन फॉर्म (ओएमआर) के जरिए होने वाले ऑफलाइन आवेदन के लिए दिल्ली के विभिन्न इलाकों में आठ केंद्र बनाए जाएंगे। हालांकि, ये केंद्र डीयू के किन कॉलेजों में बनेंगे फिलहाल इस पर अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। बता दें कि बीते साल ऐसे केंद्रों की संख्या 18 थी। जिसे इस बार कम कर दिया गया है।
डीयू में शैक्षणिक सत्र 2015-16 के दाखिले के नियम निर्धारण करने के लिए बनी समिति के सदस्य डॉ. नचिकेता सिंह ने बताया कि ऑफलाइन आवेदन उन विद्यार्थियों के लिए है जिनकी पहुंच इंटरनेट तक नहीं है। इन केंद्रों पर जाकर विद्यार्थी ओएमआर फॉर्म के माध्यम से आवेदन कर पाएंगे। हालांकि, बीते साल की तुलना में इन केंद्रों की संख्या में कमी की गई है, ताकि ऑनलाइन आवेदन के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़े। एडमिशन फॉर्म सामान्य-ओबीसी व एससी-एसटी-विकलांग के लिए अलग होंगे। इनमें फर्क यह होगा कि एक में सामान्य व ओबीसी का और दूसरे ओएमआर में एससी-एसटी व विकलांग का विकल्प होगा। फॉर्म दोनों तरफ छपे होंगे। एक तरफ सामान्य जानकारी देनी होगी, जबकि दूसरी ओर पाठ्यक्रमों को भरने के विकल्प होंगे। बीते साल की तरह इस बार भी सामान्य व ओबीसी श्रेणी के आवेदकों के लिए आवेदन फॉर्म की कीमत 100 रुपये और एससी-एसटी व विकलांग श्रेणी के आवेदकों के लिए 50 रुपये हो सकती है।
सत्र 2013-14 में आवेदन
कुल आए आवेदन - 2,57,507
ऑनलाइन आवेदन - 1,30, 803
ऑफलाइन आवेदन - 1,26,704
सत्र 2014-15 में आवेदन
कुल आए आवेदन - 2,79,700
ऑनलाइन आवेदन - 1,55,340
ऑफलाइन आवेदन- 1,24, 360
