विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 23, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

डेंगू के संदिग्ध मरीज सिपाही की मौत

By Edited By:
Published: Sat, 23 Aug 2014 10:15 PM (GMT+05:30)

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली : शालीमार बाग इलाके में इलाज के दौरान डेंगू के संदिग्ध मरीज की मौत हो गई। उसकी पहचान न्यू पुलिस कालोनी शालीमार बाग में रहने वाले 28 वर्षीय जुगल किशोर के रूप में हुई है। वे दिल्ली पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात थे। इन दिनों उनकी डयूटी चितरंजन पार्क थाने में लगी हुई थी। उनकी मौत के सूचना के बाद निगम के रोहिणी जोन ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने उनके आवास पर पहुंच कर परिजनों से पूछताछ की है। अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल में जांच रिपोर्ट देखने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मौत डेंगू से हुई है।

मृतक के बडे़ भाई संजीव कुमार ने बताया कि जुगल को कुछ दिनों से बुखार था। उसे बुधवार को चक्कर आ गया था, जिससे वह गिर पड़ा था। इसके बाद उसे उसी दिन दोपहर में अशोक विहार को सुंदरलाल जैन अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था। रात को जांच के बाद डाक्टरों ने बताया कि उसका प्लेटलेट्स काफी कम हो गया है और उसे डेंगू हो गया है। डाक्टर उसका इलाज कर ही रहे थे कि शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई। रोहिणी जोन के डीएचओ डॉ.एसबी सिंह ने कहा कि फिलहाल परिजनों से पूछताछ की गई है, लेकिन जब तक डाक्टरों की जांच रिपोर्ट की जानकारी नहीं ली जाएगी, तब तक यह नहीं कहा जा सकता है कि मौत डेंगू से ही हुई है। रविवार को अस्पताल से जानकारी लेकर ही कुछ कहा जा सकता है।