विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 23, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

श्रीसंत की नोबाल पर चैंपियंस ट्रॉफी से आउट हुए रऊफ

By Edited By:
Published: Thu, 23 May 2013 06:56 PM (GMT+05:30)Updated: Thu, 23 May 2013 06:59 PM (GMT+05:30)

नई दिल्ली। आइपीएल स्पॉट फिक्सिंग में खिलाड़ियों, टीम मालिकों, फिल्मी सितारों के बाद अंपायर की भूमिका भी शक के दायरे ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली। आइपीएल स्पॉट फिक्सिंग में खिलाड़ियों, टीम मालिकों, फिल्मी सितारों के बाद अंपायर की भूमिका भी शक के दायरे में है। इस विवाद में ताजा नाम पाकिस्तानी अंपायर असद रउफ का आया है, जिसके बाद स्पॉट फिक्सिंग के तार पाकिस्तान से भी जुड़ गए हैं। मौजूदा आइपीएल सत्र में रउफ ने 13 मैचों में मैदानी अंपायर की भूमिका निभाई है।

इस मामले में गिरफ्तार किए गए अभिनेता विंदू दारा सिंह ने पूछताछ में असद रउफ का नाम लिया है, जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद [आइसीसी] ने उन्हें अगले महीने इंग्लैंड में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी के लिए मैच अधिकारियों के पैनल से हटा दिया है। स्पॉट फिक्सिंग प्रकरण की जांच कर रही मुंबई पुलिस अब रउफ की भूमिका की जांच कर रही है। आइसीसी ने गुरुवार को कहा कि रउफ को छह से 21 जून तक होने वाले टूर्नामेंट के लिए अंपायरों के पैनल से हटा दिया गया है। आइसीसी के अनुसार, यह फैसला उन मीडिया रिपोर्ट के बाद किया गया जिसमें संकेत थे कि यह अंपायर मुंबई पुलिस की जांच के दायरे में है। आइसीसी के सीईओ डेविड रिचर्ड्सन ने कहा कि मुंबई पुलिस असद रउफ की गतिविधियों की जांच कर रही है इन रिपोर्ट को देखते हुए हमारा मानना है कि असद और खेल से जुड़े लोगों तथा टूर्नामेंट का हित इसी में है कि उसे आइसीसी चैंपियंस ट्रॉफी से हटा दिया जाए। इस बारे में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कहा कि रउफ को चैंपियंस ट्रॉफी से हटाना उनकी जानकारी में नहीं है। वह हमारी इजाजत से आइपीएल में हिस्सा लेने भारत नहीं गए थे।आइपीएल में अंपायरों के शामिल होने से हमारा कोई लेना-देना नहीं है।

पिछले साल भी रउफ का नाम विवादों में रहा था, जब मुंबई की मॉडल लीना कपूर ने उन पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। लीना के मुताबिक, रउफ ने उनसे शादी करने का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए। हालांकि रउफ ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इन्कार किया था और बाद में मॉडल ने आरोप वापस ले लिए थे।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर